
अगर आप कार, जीप या वैन से सफर करते हैं और हर बार टोल प्लाजा पर लंबी लाइन या ज्यादा पैसे देना आपके लिए परेशानी का कारण है, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. केंद्र सरकार ने एक नई योजना शुरू करने का फैसला किया है, जिससे आप सिर्फ 15 रुपए में टोल प्लाजा पार कर सकेंगे. इसके लिए आपको बस एक छोटा-सा काम करना होगा।.आइए इसे आसान भाषा में विस्तार से समझते हैं.
योजना कब से शुरू होगी?
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 18 जून को इस योजना का ऐलान किया. उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2025 से देशभर में यह योजना लागू हो जाएगी. इस योजना का नाम एनुअल फास्टैग पास है. इस योजना के तहत एक सालाना पास मिलेगा, जिसकी कीमत 3000 रुपए होगी. इस पास में आपको 200 ट्रिप की सुविधा मिलेगी. हर ट्रिप यानी एक टोल प्लाजा को एक बार पार करना. इस हिसाब से एक ट्रिप की कीमत सिर्फ 15 रुपए पड़ेगी.
ये भी पढ़ें : NEET UG: नीट प्रश्न पत्र में गलत क्रम में लगे थे पेज, सुप्रीम कोर्ट का निर्देश- मैन्युअली चेक हो आंसरशीट्स
कैसे होगा फायदा?
आमतौर पर एक टोल प्लाजा पर 50 रुपए तक का शुल्क देना पड़ता है. अगर आप 200 बार सफर करते हैं तो सामान्य फास्टैग से आपको करीब 10,000 रुपए खर्च करने होंगे. लेकिन एनुअल पास लेने पर सिर्फ 3000 रुपए में 200 बार टोल पार कर सकते हैं. इस तरह आपको 7000 रुपए की सीधी बचत होगी.
इस फास्टैग से क्या सुविधाएं मिलेंगी?
इसे साल में केवल एक बार रिचार्ज करना होगा. बार-बार रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी. टोल पर लंबी लाइन से छुटकारा मिलेगा. पास खत्म होने के बाद इसे दोबारा रिन्यू कराना होगा. यह योजना देशभर के टोल प्लाजा पर मान्य होगी.
अगर आप अक्सर अपने वाहन से लंबी दूरी की यात्रा करते हैं, तो एनुअल फास्टैग पास आपके लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है. इससे ना सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि हजारों रुपये भी बचेंगे. योजना 15 अगस्त 2025 से लागू होगी और इसे अपनाकर आप आसानी से टोल प्लाजा पार कर पाएंगे वो भी सिर्फ 15 रुपए में.