अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर अचानक डर का माहौल बन गया है। वजह है Anthropic के नए AI टूल्स, जिन्होंने टेक इंडस्ट्री की सोच हिला दी है। इन टूल्स ने यह साफ कर दिया है कि AI की दुनिया में आज जो आगे है, जरूरी नहीं कि कल भी वही सबसे ताकतवर रहे। तकनीक तेजी से बदल रही है और इसी अनिश्चितता ने निवेशकों को बेचैन कर दिया है।
नैस्डैक पर लगातार दूसरा दिन गिरावट
इस डर का सीधा असर अमेरिकी शेयर बाजार पर दिखा। टेक शेयरों से भरे Nasdaq में लगातार दूसरे दिन भारी गिरावट आई। बुधवार को नैस्डैक करीब 350 अंक टूटकर 22904 पर बंद हुआ, यानी लगभग 1.5 प्रतिशत की गिरावट। इससे एक दिन पहले भी बाजार करीब इतने ही प्रतिशत नीचे बंद हुआ था। दो दिन की इस गिरावट ने संकेत दे दिया कि निवेशक AI सेक्टर को लेकर सतर्क हो गए हैं।
भारत तक पहुंचा असर
अमेरिकी बाजार की इस हलचल का असर भारत में भी दिखा। भले ही भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुए, लेकिन आईटी शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली। एक ही दिन में आईटी सेक्टर के मार्केट कैप में करीब 1.80 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आ गई। हालांकि अगले दिन कुछ रिकवरी दिखी, लेकिन निवेशकों की चिंता साफ झलक रही थी।
ये भी पढ़ें : Al-Falah University: अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी गिरफ्तार, चार दिन की पुलिस रिमांड
टेक दिग्गजों में मुनाफावसूली
Anthropic के AI टूल्स से पैदा हुई चिंता के चलते बड़ी टेक कंपनियों के शेयरों में बिकवाली तेज हो गई। NVIDIA, Alphabet, Amazon और Meta जैसे दिग्गजों के शेयर दबाव में रहे। खासकर Nvidia, जिसने AI बूम में जबरदस्त उछाल देखा था, उसमें सबसे ज्यादा मुनाफावसूली हुई।
निवेशकों को आखिर डर क्यों?
निवेशकों को डर है कि Anthropic जैसे नए और ताकतवर AI प्लेयर्स के आने से मौजूदा कंपनियों का बिजनेस मॉडल प्रभावित हो सकता है। अब सवाल उठ रहा है कि कहीं AI को लेकर उम्मीदें जरूरत से ज्यादा तो नहीं बढ़ा दी गई थीं। अगर मुकाबला और तेज हुआ, तो मुनाफा और वैल्यूएशन दोनों पर दबाव आ सकता है। इसी सोच ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है।
क्या ये बड़ी गिरावट की शुरुआत है?
हालांकि सभी एक्सपर्ट्स इसे संकट नहीं मान रहे। कई जानकारों का कहना है कि यह गिरावट किसी बड़े क्रैश की नहीं, बल्कि एक हेल्दी करेक्शन की ओर इशारा करती है। AI सेक्टर में लंबे समय में ग्रोथ की संभावनाएं अब भी मजबूत हैं। मगर इतना तय है कि Anthropic के AI टूल्स ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में AI की जंग और तेज होगी, और यही डर फिलहाल बाजारों को हिला रहा है।