Apple Pay India Launch: टेक दिग्गज कंपनी Apple जल्द ही भारत में अपनी लोकप्रिय पेमेंट सर्विस Apple Pay लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। मिली जानकारी के अनुसार यह सर्विस अक्टूबर में भारत में शुरू की जा सकती है। शुरुआत में Axis Bank के क्रेडिट कार्ड को Apple Pay में जोड़ा जा सकता है। इसके बाद दूसरे बैंकों के कार्ड भी जोड़े जाएंगे।
भारत आने में लगे 12 साल
बता दें कि Apple Pay की शुरुआत साल 2014 में अमेरिका में हुई थी, लेकिन कड़े पेमेंट नियमों और अन्य वजहों से इसे भारत आने में लगभग 12 साल का समय लग गया। हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा कार्ड पेमेंट में Face ID और Touch ID जैसे बायोमेट्रिक पहचान की अनुमित मिलने के बाद Apple के लिए भारत का रास्ता साफ हुआ है।
Axis Bank कार्ड्स से हो सकती है शुरुआत
शुरुआती चरण में Apple Pay में Axis Bank के क्रेडिट कार्ड को जोड़ा जा सकता है। जुलाई तक एक्सिस बैंक के पास लगभग 1.63 करोड़ एक्टिव क्रेडिट कार्ड यूजर्स का बड़ा बेस था। ऐप्पल की HDFC Bank और ICICI Bank के साथ भी बात चल रही है। लेकिन कमर्शियल शर्तों पर सहमति बनने के बाद ही इनके कार्ड्स जोड़ें जाएंगे। यानि अक्टूबर में लॉन्च के समय केवल कुछ ही बैकों के कार्ड्स में इसकी शुरुआत होगी।
कैसे काम करेगा Apple Pay
Apple Pay का इस्तेमाल काफी आसान होगा। अगर आपके पास Apple Pay में जुड़ा हुआ क्रेडिट कार्ड है और दुकान पर कॉन्टैक्टलेस कार्ड मशीन है, तो आपको बस अपना iPhone या Apple Watch मशीन के पास ले जाना होगा। iPhone में Face ID या Touch ID से पहचान वेरीफाई होते ही पेमेंट पूरा हो जाएगा। इसके लिए किसी अलग पेमेंट ऐप खोलने की जरूरत नहीं होगी। Apple Pay पेमेंट के समय आपका असली कार्ड नंबर शेयर नहीं करता है, जिससे डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहता है।
यह भी पढ़ें: iPhone Warranty Check: नया या पुराना iPhone लेने से पहले चेक करें वारंटी, ये हैं 3 सबसे आसान तरीके
क्या UPI का सपोर्ट मिलेगा?
Apple Pay के भारत में यूपीआई सपोर्ट को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार Apple Pay की शुरुआत सिर्फ क्रेडिट कार्ड पेमेंट से होगी। शुरुआत में PhonePe या Google Pay की तरह QR कोर्ड स्कैन करके यूपीआई पेमेंट करने की सुविधा नहीं मिलेगी। वहीं ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट्स के अनुसार Apple भविष्य में भारत के लिए UPI सपोर्ट भी जोड़ा जा सकता है।
84% हिस्सा यूपीआई के पास
बता दें कि भारत में डिजिटल पेमेंट का 84% हिस्सा यूपीआई के पास है। अगस्त 2026 में 24.5 अरब से ज्यादा यूपीआई ट्रांजैक्शन हुए है। ऐसे में अगर शुरुआत में UPI नहीं मिलता है, तो Apple Pay का इस्तेमाल मुख्य रूप से वही iPhone यूजर्स करेंगे, जो स्टोर्स पर क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करते हैं।