DU COL Admission 2026: अगर आप दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) से पढ़ाई करना चाहते हैं, लेकिन रेगुलर कॉलेज नहीं जा पा रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन खबर है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग ने कई फॉरेन लैंग्वेज (विदेशी भाषाओं) और प्रोफेशनल कोर्सेज में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अच्छी बात यह है कि इन कोर्सेज में छात्रों के साथ-साथ नौकरीपेशा लोग भी अपनी सुविधा के अनुसार एडमिशन लेकर पढ़ाई कर सकते हैं।
सीख सकेंगे ये 8 विदेशी भाषाएं
कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग ने एक साल के सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्सेज की शुरुआत की है। इसके तहत छात्र दुनिया की कई प्रसिद्ध भाषाएं सीख सकते हैं। इनमें जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, इटालियन, पुर्तगाली, चीनी, जापानी और कोरियन भाषाएं शामिल हैं। ये कोर्स DU के 'जर्मेनिक एंड रोमांस स्टडीज विभाग' और 'ईस्ट एशियन स्टडीज विभाग' के साथ मिलकर चलाए जा रहे हैं।
घर बैठे ऑनलाइन पढ़ने की रहेगी सुविधा
COL की निदेशक के अनुसार, ओपन लर्निंग डेवलपमेंट सेंटर (OLDC) जल्द ही इन फॉरेन लैंग्वेज कोर्सेज को ऑनलाइन मोड में भी शुरू करने जा रहा है। इससे देश के अलग-अलग राज्यों में रहने वाले छात्र भी घर बैठे इन कोर्सेज में एडमिशन लेकर पढ़ाई कर सकेंगे। साथ ही, नौकरी करने वाले लोगों को भी टाइम मैनेज करने में आसानी होगी।
जल्द शुरू होगा रूसी भाषा का कोर्स
दिल्ली यूनिवर्सिटी अपनी भाषा शिक्षा का दायरा और बढ़ाने जा रहा है। यूनिवर्सिटी जल्द ही रूसी भाषा को भी जोड़ने जा रहा है। स्लावोनिक और फिनो-उग्रियन स्टडीज विभाग के सहयोग से रूसी भाषा में एक साल के सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स शुरू किए जाएंगे, जो क्लासरूम और ऑनलाइन दोनों माध्यमों में उपलब्ध होंगे।
यह भी पढ़ें: NEET UG Admit Card 2026: इस दिन जारी होंगे नीट यूजी परीक्षा के एडमिट कार्ड! ऐसे कर सकेंगे डाउनलोड
ये प्रोफेशनल कोर्स भी हैं शामिल
विदेशी भाषाओं के अलावा कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (COL) कई बड़े प्रोफेशनल कोर्सेज में भी एडमिशन दे रहा है। इन कोर्सेज के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 जून 2026 से शुरू होने जा रही है। इनमें शामिल प्रमुख कोर्स मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA), मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (MLISc), बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (BLISc) और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन एडवरटाइजिंग एंड डिजिटल मीडिया लीडरशिप (PGDADLM) हैं।
कब तक कर सकेंगे आवेदन
आपको बता दें कि विदेशी भाषाओं के कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 10 जुलाई 2026 की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। ऐसे में छात्रों को सलाह दी जाती है कि लास्ट डेट का इंतजार न करें और समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।
कैसे करें अप्लाई?
सबसे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की आधिकारिक एडमिशन वेबसाइट https://cifl.oldcdu.ac.in/ पर जाना होगा। वहां जाकर उम्मीदवार पात्रता, फीस, जरूरी डॉक्यूमेंट, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी तारीखों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरकर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा किया जा सकता है।