DU Admission 2026: अगर आपने दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) से 4 साल का ग्रेजुएशन पूरा किया है, तो आपके लिए एक शानदार मौका है। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 1 साल के पोस्ट ग्रेजुएट (PG) यानी मास्टर कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य छात्र इसके लिए 11 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बता दें, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत इस नए कोर्स को शुरू किया गया है, ताकि छात्र कम समय में अपनी मास्टर डिग्री पूरी कर सकें।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस कोर्स के लिए केवल वही छात्र अप्लाई कर सकते हैं जिन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से UGCF 2022 के तहत 4 साल का ऑनर्स या रिसर्च आधारित ग्रेजुएशन पास किया हो। इसके साथ ही छात्र के पास यूनिवर्सिटी द्वारा तय जरूरी अकादमिक क्रेडिट भी होने चाहिए।
मेरिट से मिलेगा एडमिशन
आपको बता दें कि इस एक साल के पीजी कोर्स में एडमिशन लेने के लिए छात्रों को कोई अलग से प्रवेश परीक्षा नहीं देनी होगी। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रों के ग्रेजुएशन (UG) में आए अंकों और योग्यता के आधार पर एक मेरिट लिस्ट तैयार करेगी। इसी मेरिट के हिसाब से छात्रों को एडमिशन दिया जाएगा।
कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?
सबसे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल पर जाएं। अपने एनरोलमेंट नंबर और जन्मतिथि की मदद से लॉग इन करें। इसके बाद '1 साल के पीजी प्रोग्राम'के विकल्प को चुनें। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां सही-सही भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और फॉर्म सबमिट कर दें। अंत में फॉर्म की एक कॉपी डाउनलोड करके रख लें।
1.62 लाख छात्रों ने आवेदन कर लिया
बता दें कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में अंडरग्रेजुएट और प्रोफेशनल कार्सों के लिए एडमिशन जारी है। इसके लिए अब तक 1.62 लाख छात्रों ने आवेदन कर लिया है। वहीं 62 हजार से अधिक छात्रों ने कॉलेज और कोर्स की अपनी पसंद भरकर दूसरे चरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है।