Arjuna Award 2025 : खेल मंत्रालय ने नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2025 की घोषणा कर दी है। देश के अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, कोचों और खेल संस्थाओं को इस बार सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों का चयन सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया है।
अर्जुन अवॉर्ड में 17 खिलाड़ियों का चयन
इस साल 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। खास बात यह है कि इस बार सूची में एक भी क्रिकेटर का नाम शामिल नहीं है। एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मोहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी को सम्मान मिलेगा। बैडमिंटन में तृषा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद का चयन हुआ है। गायत्री, दिग्गज बैडमिंटन कोच पी. गोपीचंद की बेटी हैं।
कई खेलों को मिला प्रतिनिधित्व
शतरंज से विदित गुजराती और दिव्या देशमुख, बॉक्सिंग से नरेंद्र, हॉकी से लालरेम्सियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी से सुरजीत और पूजा को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा शूटिंग, रोइंग और पैरा खेलों के खिलाड़ियों को भी इस सूची में जगह मिली है। इससे साफ है कि इस बार चयन में विभिन्न खेलों को व्यापक प्रतिनिधित्व दिया गया है।
लाइफटाइम अर्जुन अवॉर्ड भी घोषित
फुटबॉल से आई अरुमैनयागम को अर्जुन अवॉर्ड (लाइफटाइम) के लिए चुना गया है। यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने अपने खेल करियर के दौरान उल्लेखनीय योगदान दिया हो और संन्यास के बाद भी खेलों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाई हो।
पांच कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार
द्रोणाचार्य अवॉर्ड 2025 के लिए भी नामों की घोषणा की गई है। नियमित श्रेणी में एथलेटिक्स के परवीर सिंह, बॉक्सिंग के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण को सम्मान मिलेगा। वहीं लाइफटाइम श्रेणी में बॉक्सिंग के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार का चयन किया गया है।
इसे भी पढ़ें : T20 के तूफान को रेड बॉल का सबक, दलीप ट्रॉफी से पहले वैभव ने ली खास ट्रेनिंग
आर्मी पैरालंपिक नोड को सम्मान
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को चुना गया है। यह पुरस्कार उन संस्थाओं को दिया जाता है जो खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में अहम योगदान देती हैं। इस बार पैरालंपिक खिलाड़ियों के लिए किए गए कार्यों के चलते आर्मी पैरालंपिक नोड को यह सम्मान दिया जाएगा।