Armed Forces Flag Day: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों और शारीरिक रूप से अक्षम हो चुके जवानों के परिवारों की मदद करना हम सभी का कर्तव्य है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से क्यूआर कोड के जरिए 11 हजार रुपये सैनिक कल्याण कोष में भेंट किए। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें उन सैनिकों का ऋणी होने का एहसास कराता है, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया।
सीएम निवास में कार्यक्रम
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में ब्रिगेडियर अरुण नायर (से.नि) ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को झंडा लगाया और एक स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारी आर.एन. सिंह तोमर, गिरीश चंद्र यादव, शैलेश कुमार चौकसे, संजय भील और जसवीर सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया और समाज के सभी वर्गों से इसी भावना को आगे बढ़ाने की अपील की गई।
यह भी देखेंःबंगाल के बाद हैदराबाद में बाबरी मस्जिद मेमोरियल की घोषणा, मुश्ताक मलिक बोले– बाबर से परेशानी क्यों?
झंडा दिवस का उद्देश्य
सशस्त्र सेना झंडा दिवस 1949 से हर वर्ष 7 दिसंबर को मनाया जाता है। इसका मकसद सेना, अर्धसैनिक बलों और शहीद सैनिकों के परिवारों के लिए आर्थिक सहयोग जुटाना है। इस दिन देशभर में जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं ताकि नागरिक राष्ट्रप्रेम और कृतज्ञता के साथ योगदान कर सकें। यह दिन उन वीर जवानों के सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।