NEET UG RESULT: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने गुरुवार देर रात को नीट यूजी परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में पंजाब के लुधियाना में रहने वाले आर्यन गुप्ता ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर शहर और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उनके साथ ही हरियाणा के पंशुल बंसल भी संयुक्त रूप से पहले नंबर पर रहे। दोनों ही छात्रों ने 720 में से 715 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया।
ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाता दिखा आर्यन का परिवार
जैसे ही नीट यूजी का रिजल्ट घोषित किए गए, आर्यन के घर और लुधियाना में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि आर्यन के परिवार वाले और उनके करीबी दोस्त ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाते दिख रहे हैं। आर्यन की इस शानदार कामयाबी पर सिर्फ उनका परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा शहर गर्व महसूस कर रहा है।
बेहद कड़ी मेहनत और संघर्ष किया
आर्यन को यह सफलता रातों-रात नहीं मिली। इसके पीछे उन्होंने बेहद कड़ी मेहनत और संघर्ष किया है। इस साल नीट की परीक्षा काफी विवादों में रही। पहले यह परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक मामला सामने आने के बाद इस रद्द कर दिया गया था।
परीक्षा रद्द होने से पूरी तरह टूट गए थे आर्यन
आर्यन ने बताया कि जब परीक्षा रद्द होने की खबर मिली, तो मैं पूरी तरह से टूट गया था और बहुत रोया था। मुझे लगा कि मेरी सालों की मेहनत बेकार हो गई है। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। इस मुश्किल घड़ी में एमबीबीएस कर रहे आर्यन के बड़े भाई आदित्य ने उन्हें हिम्मत दी। इसके बाद आर्यन ने दोबारा किताबें उठाईं और 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा के लिए दोगुनी मेहनत से पढ़ाई शुरू कर दी
रोजाना 16 से 17 घंटे करते थे पढ़ाई
आर्यन ने बताया कि वह रोजाना 16 से 17 घंटे तक पढ़ाई करते थे। हालांकि उन्होंने खुद को केवल किताबों में ही बंद नहीं रखा था, जब भी वह लगातार पढ़कर थक जाते थे तो ब्रेक जरूर लेते थे। अपना दिमाग शांत करने के लिए आर्यन सोशल मीडिया इस्तेमाल करते थे, इसके साथ ही टीवी पर फिल्में देखते थे और अपने परिवार के साथ समय बिताते थे।
यह भी पढ़ें: NEET UG RESULT: इस साल किसी को नहीं मिले 720 में से 720 अंक, फिर भी हाई कट ऑफ ने किया सबको किया हैरान!
खेलकूद में भी है माहिर
आपको बता दें कि आर्यन की स्कूलिंग लुधियाना के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल से हुई। आर्यन सिर्फ पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि खेलकूद में भी काफी आगे रहे हैं। आर्यन राज्य स्तर के बेहतरीन टेबल टेनिस खिलाड़ी भी रह चुके हैं। आर्यन ने 12वीं कक्षा में 98.4 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।
खून में ही है डॉक्टरी
बता दें कि आर्यन के माता-पिता दोनों ही डॉक्टर है, उनके पिता डॉ. सचिन गुप्ता एनेस्थेटिस्ट हैं और उनकी मां डॉ. रीनू गुप्ता गायनेकोलॉजिस्ट हैं। उनके बड़े भाई ने भी पिछले साल नीट की परीक्षा में ऑल इंडिया 54वीं रैंक हासिल की थी। आर्यन भविष्य में ऑनकोलॉजिस्ट बनना चाहते हैं। इसके पीछे एक खास वजह है, जब आर्यन सिर्फ 3 साल के थे, तब कैंसर के कारण उनकी दादी का निधन हो गया था। इसी वजह से वह कैंसर के डॉक्टर बनना चाहते हैं।