एशेज सीरीज 2025-26 अब अपने आखिरी मोड़ पर पहुंच चुकी है। 4 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में पांचवां और निर्णायक टेस्ट खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया फिलहाल सीरीज में 3-1 की बढ़त बनाए हुए है, लेकिन बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली इंग्लैंड ने पिछले टेस्ट में जीत दर्ज कर मुकाबले को रोचक बना दिया है। ऐसे में सिडनी टेस्ट सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि सीरीज की प्रतिष्ठा और इतिहास से जुड़ा इम्तिहान बन चुका है। सिडनी का मैदान हमेशा से बड़े रिकॉर्ड और यादगार मुकाबलों के लिए जाना जाता रहा है।
सिडनी में इंग्लैंड का उतार चढ़ाव भरा रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में इंग्लैंड ने अब तक कुल 57 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें से इंग्लैंड को 22 में जीत मिली है, जबकि 27 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 8 मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। इंग्लैंड ने इस मैदान पर आखिरी बार साल 2011 में टेस्ट मैच जीता था, जिसके बाद से उसे यहां सफलता नहीं मिली है। इसी मैदान पर इंग्लैंड का सर्वोच्च स्कोर 644 रन रहा है, जो 2011 में बना था। वहीं दूसरी ओर यहां उसका न्यूनतम स्कोर सिर्फ 45 रन रहा है, जो उसकी कमजोरियों को भी उजागर करता है।
सिडनी में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा साफ दिखता है
अगर ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो सिडनी में कंगारू टीम का पलड़ा भारी नजर आता है। ऑस्ट्रेलिया ने यहां कुल 103 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 62 में जीत हासिल की है। 28 मुकाबलों में उसे हार मिली है और 23 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया का सर्वोच्च स्कोर 659 रन रहा है, जबकि न्यूनतम स्कोर 42 रन है। खास बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में दो बार 600 से ज्यादा रन बनाए हैं, जो उसकी बल्लेबाजी की मजबूती को दिखाता है।
इसे भी पढ़ें : नए साल में Delhi को डबल राहत, सस्ती टैक्सी और जाम से मुक्ति, युवाओं महिलाओं के लिए बड़ा बदलाव
सिडनी में चमके दिग्गज खिलाड़ी और बड़े नाम
व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन रिकी पोंटिंग ने बनाए हैं। उन्होंने 16 टेस्ट में 67.27 की औसत से 1480 रन ठोके हैं, जिसमें 6 शतक शामिल हैं। स्टीव स्मिथ ने यहां 12 टेस्ट में 64.47 की औसत से 1096 रन बनाए हैं। उस्मान ख्वाजा ने भी 9 टेस्ट में 875 रन बनाकर शानदार रिकॉर्ड कायम किया है। गेंदबाजी में नाथन लियोन के नाम यहां 49 विकेट हैं, जबकि मिचेल स्टार्क ने 10 टेस्ट में 27 विकेट झटके हैं। इंग्लैंड की ओर से सिडनी में सबसे ज्यादा रन वॉली हैमंड ने बनाए थे। उन्होंने यहां 808 रन बनाए। जो रूट ने दो टेस्ट में 165 रन बनाए हैं, जबकि जॉर्ज लोहमैन के नाम सिडनी में इंग्लैंड के लिए सबसे बेहतरीन गेंदबाजी आंकड़े दर्ज हैं।