
एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को हुआ ग्रुप-ए का मुकाबला क्रिकेट की दुनिया में सबसे चर्चित मुद्दा बना हुआ है। इस मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया, जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का नाराज़ होना लगातार जारी है। पाकिस्तान टीम और पीसीबी का रवैया इस पूरे मामले पर ‘नखरेबाज़ी’ जैसा दिखाई दे रहा है।
रेफरी बदलने की मांग और ICC का इनकार
पाकिस्तान ने इस विवाद के बीच आईसीसी मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीसीबी ने उन्हें हटाने की मांग रखी थी। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस मांग को पूरी तरह ठुकरा दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने पहले तो यूएई के खिलाफ होने वाले मैच से खेलने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में दबाव में आकर मैदान में उतरना पड़ा।
रमीज राजा का आरोप: “भारत के फेवर में हैं पायक्रॉफ्ट”
पीसीबी के पूर्व अध्यक्ष रमीज राजा भी इस बहस में कूद पड़े। उन्होंने पायक्रॉफ्ट पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। रमीज ने कहा, “पायक्रॉफ्ट हमेशा भारत के मैचों में ही दिखते हैं। जब भी मैं भारतीय टीम के मुकाबलों में मौजूद रहा हूं, टॉस के दौरान पायक्रॉफ्ट को वहीं पाया। मुझे अजीब लगता है कि एक न्यूट्रल रेफरी लगातार भारत के मैचों में क्यों नजर आता है।” रमीज ने आगे दावा किया कि पायक्रॉफ्ट 90 बार भारत के मैचों में रेफरी रह चुके हैं। उनके अनुसार यह किसी भी न्यूट्रल रेफरी की भूमिका पर सवाल खड़ा करता है।
इसे भी पढ़ें : Qatar मीटिंग के बाद बड़ा धमाका, इस्लामिक नाटो की ओर पहला कदम, PAK-Saudi गठबंधन पर लगी मुहर
डाटा ने खोली पोल
हालांकि रमीज राजा का यह दावा सही साबित नहीं हुआ। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक एंडी पायक्रॉफ्ट ने तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) मिलाकर भारतीय टीम के कुल 124 मैचों में रेफरी की भूमिका निभाई है। वहीं, पाकिस्तान के मैचों में भी पायक्रॉफ्ट 102 बार रेफरी रह चुके हैं। यानी दोनों टीमों के बीच अंतर बहुत बड़ा नहीं है। ऐसे में यह कहना गलत होगा कि पायक्रॉफ्ट सिर्फ भारत के पक्ष में खड़े रहते हैं।
PCB का लगातार विरोध, लेकिन आधारहीन
भारत से मैच हारने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और खिलाड़ी लगातार शिकायतें कर रहे हैं। हाथ न मिलाने से शुरू हुआ यह विवाद अब रेफरी तक जा पहुंचा है लेकिन तथ्य यही बताते हैं कि पाकिस्तान के आरोपों में कोई ठोस आधार नहीं है।
बेवजह का शोर
एंडी पायक्रॉफ्ट पर रमीज राजा के आरोप आंकड़ों की कसौटी पर टिक नहीं पाए। ICC ने भी PCB की शिकायत को दरकिनार कर दिया। साफ है कि पाकिस्तान हार की हताशा में बेवजह का शोर मचा रहा है, जबकि सच्चाई आंकड़ों से बिल्कुल अलग है।