
Asia Cup 2025: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। एशिया कप 2025 की मेजबानी भले भारत को मिली है, लेकिन मुकाबले UAE में खेले जाएंगे। भारत-पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तल्खी के बावजूद अब एशिया कप को लेकर स्थिति लगभग साफ हो चुकी है। ढाका में हुई एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक के बाद यह तय हुआ है कि टूर्नामेंट का आयोजन सितंबर 2025 में संयुक्त अरब अमीरात में होगा। BCCI को अब पूरे शेड्यूल को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी दी गई है।
टूर्नामेंट की तारीख और आयोजन स्थल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एशिया कप 2025 का आयोजन 10 से 28 सितंबर के बीच हो सकता है। हालांकि शेड्यूल दो चरणों में जारी होगा। पहले चरण में कुछ प्रमुख मुकाबलों की घोषणा की जाएगी और 28 जुलाई तक पूरा कार्यक्रम सामने आने की उम्मीद है।
भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में
रिपोर्ट के मुताबिक भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। ऐसे में दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में तो भिड़ेंगी ही, साथ ही उनके सुपर 4 में पहुंचने की स्थिति में दोबारा टक्कर हो सकती है। अगर दोनों फाइनल तक पहुंचीं, तो तीसरी बार आमना-सामना तय है। यानी फैंस को इस बार IND vs PAK के 3 मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।
खेलेंगी कुल 8 टीमें, यह होगा फॉर्मेट
इस बार टूर्नामेंट T20 फॉर्मेट में होगा, ताकि 2026 में होने वाले T20 वर्ल्ड कप की तैयारी हो सके। टूर्नामेंट में 8 टीमें हिस्सा लेंगी जिन्हें 4-4 के दो ग्रुपों में बांटा जाएगा। ग्रुप की टॉप 2 टीमें सुपर 4 में पहुंचेंगी और वहां से शीर्ष 2 टीमें फाइनल में भिड़ेंगी।
टीमें होंगी: भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, ओमान, यूएई और हांगकांग।
सबसे सफल टीम कौन?
भारत अब तक 8 बार एशिया कप जीत चुका है और वह टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है। श्रीलंका ने 6 बार और पाकिस्तान ने 2 बार यह खिताब अपने नाम किया है। 2023 में भारत ही डिफेंडिंग चैंपियन बना था।
BCCI पर अंतिम फैसला तय
24 जुलाई को ढाका में हुई ACC बैठक में BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने वर्चुअली हिस्सा लिया। शेड्यूल फाइनल करने और प्रायोजन से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद BCCI इसकी आधिकारिक घोषणा करेगा।