
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया. चयन समिति ने इस बार कई अहम फैसले लेकर टीम में बड़े बदलाव किए हैं. सबसे बड़ा झटका अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को लगा है, जिन्हें स्क्वॉड से बाहर कर दिया गया है. वहीं, शुभमन गिल की उपकप्तान के रूप में टीम में वापसी हुई है और कप्तानी की जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है. टीम इंडिया का यह स्क्वॉड अनुभव और युवा जोश का मिश्रण है. श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी भले ही चर्चा का विषय बनी हुई है, लेकिन चयनकर्ताओं का फोकस साफ है कि टीम को ऐसे खिलाड़ियों के साथ उतारना, जो मौजूदा समय में फॉर्म और फिटनेस दोनों में सर्वश्रेष्ठ हों.
युवा खिलाड़ियों पर भरोसा, सीनियर खिलाड़ियों की छुट्टी
टीम में चयनकर्ताओं ने इस बार युवाओं पर अधिक भरोसा दिखाया है. IPL में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले हर्षित राणा को पहली बार एशिया कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनाया गया है. उनके शामिल होने से तेज गेंदबाजी अटैक और मजबूत होने की उम्मीद है. वहीं रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा जैसे युवा बल्लेबाजों को भी मौका मिला है, जिन्होंने हाल के सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था.
ये भी पढ़ें : Gambhir के 'लाडले' की टीम इंडिया में एंट्री, ये खिलाड़ी भी एशिया कप के लिए में शामिल
टीम चयन के दौरान कई नाम चर्चा में रहे, लेकिन कुछ दिग्गजों को जगह नहीं मिल पाई. श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल को बाहर रखा गया है. इसके अलावा ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर भी टीम का हिस्सा नहीं हैं. चयनकर्ताओं का मानना है कि मौजूदा समय में फिटनेस और फॉर्म को प्राथमिकता दी गई है.
श्रेयश को क्यों नहीं मिली जगह?
एशिया कप 2025 के लिए टीम से श्रेयस अय्यर का बाहर होना कई वजहों से जुड़ा है. बीते एक साल से वह चोट और पीठ की समस्या से लगातार जूझते रहे हैं, जिसके कारण उनकी फिटनेस को लेकर चयनकर्ताओं की चिंता बनी रही. वहीं हालिया फॉर्म भी उनके पक्ष में नहीं रहा. खासकर टी20 और आईपीएल में अय्यर बड़े रन नहीं बना पाए और उनकी स्ट्राइक रेट भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही.
एशिया कप का शेड्यूल
एशिया कप 2025 इस बार टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा. टूर्नामेंट 9 सितंबर से 28 सितंबर तक दुबई और अबूधाबी में होगा. इस बार कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं – भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, यूएई, हांगकांग और ओमान. भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई से होगा. इसके बाद 14 सितंबर को हाई-वोल्टेज मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला जाएगा. वहीं 19 सितंबर को भारत का मुकाबला ओमान से होगा.
भारतीय टीम पर एक नजर
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, रिंकू सिंह.
स्टैंडबाय खिलाड़ी – प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर, यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल.