
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया का एलान हो गया है. अजीत अगरकर की अगुआई वाली सीनियर चयन समिति ने मंगलवार (19 अगस्त) को 15 सदस्यीय स्क्वॉड जारी किया. सबसे बड़ा सरप्राइज कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज़ और गौतम गंभीर के ‘लाडले’ कहे जाने वाले हर्षित राणा का चयन रहा. वहीं, शुभमन गिल की उपकप्तान के तौर पर टीम में वापसी हुई है. श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल और वाशिंगटन सुंदर को इस बार जगह नहीं मिली. सुंदर हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा थे. वहीं टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में सौंपी गई है.
राणा की एंट्री से मजबूत हुआ टीम का पेस अटैक
हर्षित को पहली बार इतने बड़े टूर्नामेंट में मौका मिला है. चयनकर्ताओं का मानना है कि उनकी मौजूदगी से टीम इंडिया का गेंदबाजी आक्रमण और संतुलित होगा. हर्षित राणा की सबसे बड़ी ताकत उनकी तेज़ रफ्तार और उछाल है. आईपीएल में उन्होंने कई बड़े बल्लेबाजों को अपनी धारदार गेंदबाजी से परेशान किया था. डेथ ओवर्स में भी वह विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं. जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के साथ मिलकर वह पेस अटैक को और धारदार बना सकते हैं. टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि हर्षित अपनी आक्रामक गेंदबाजी और युवा ऊर्जा से विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाएंगे. हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव कम होने के कारण शुरुआती मुकाबलों में उन पर दबाव ज़रूर रहेगा, लेकिन अगर वह आईपीएल जैसी लय बरकरार रखते हैं, तो एशिया कप में टीम इंडिया के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकते हैं. हर्षित की एंट्री से भारतीय टीम को गेंदबाजी में गहराई मिली है और यह बदलाव एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में भारत के प्रदर्शन को मजबूती दे सकता है.
ये भी पढ़ें : पहले WTC फाइनल में शतक, अब वनडे में भी बरसे, कंगारुओं के लिए सबसे बड़ा खतरा बने South Africa के ये ओपनर
राणा के IPL में हालिया रिकॉर्ड
हर्षित राणा ने IPL 2024 में 13 मैचों में 19 विकेट लिए, जो कि सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी में से थे. यह आंकड़ा दिखाता है कि उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए गेंदबाज़ी अटैक में कितनी गहराई और असर डाला. वहीं KKR में केवल वरुण चक्रवर्ती (21 विकेट) उनके ऊपर रहे. 2024 में उनके औसत 20.16 और इकोनॉमी 9.08 रहा, जो टी20 में तेज़ गेंदबाज़ के लिए बहुत संतोषजनक है. एक रिपोर्ट के अनुसार, राणा की धीमी गेंद उन्हें खास बॉलर बनाती है. 2024 में उनके 19 विकेटों में से 10 इसी गेंद से आए. मिड-ओवर्स में उनका इकोनॉमी रेट 7.88 था. वहीं उनके अब तक के IPL करियर में कुल 34 मैचों में उन्होंने 40 विकेट लिए हैं, औसत 25.73, स्ट्राइक रेट 16.23 और इकोनॉमी 9.51 रही है.
एशिया कप के लिए चयनित खिलाड़ी
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, रिंकू सिंह.
स्टैंडबाय: प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर, यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल.
बता दें कि टूर्नामेंट 9 से 28 सितंबर तक दुबई और अबूधाबी में खेला जाएगा। टी20 फॉर्मेट में होने वाले इस एशिया कप में भारत के मुकाबले 10 सितंबर को यूएई से, 14 सितंबर को पाकिस्तान से और 19 सितंबर को ओमान से होंगे.