Asian Games 2026 : इस बार एशियन गेम्स में भारत का सबसे बड़ा दल एथलेटिक्स का है। कुल 207 सदस्यीय भारतीय टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, लेकिन वीजा में देरी ने खिलाड़ियों और अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। कई खिलाड़ी पहले ही जापान पहुंच चुके हैं, जबकि कुछ अब भी मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।
कैंप में नहीं पहुंच पाए खिलाड़ी
टोक्यो के पास सुकुबा यूनिवर्सिटी में खिलाड़ियों के लिए विशेष अनुकूलन शिविर लगाया गया है। इसका मकसद खिलाड़ियों को स्थानीय मौसम और परिस्थितियों के अनुसार तैयार करना है। लेकिन जिन खिलाड़ियों को वीजा नहीं मिला है, उन्हें इस शिविर का पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा।
क्या है देरी की वजह?
रिपोर्ट के मुताबिक, वीजा और पासपोर्ट प्रक्रिया संभालने वाली एजेंसी ने यह नियम बताया है कि आवेदन उसी स्थान से किया जाए जहां पासपोर्ट जारी हुआ हो। इसी प्रक्रिया के कारण कुछ खिलाड़ियों के वीजा में देरी हुई है। हालांकि अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही यह समस्या हल हो जाएगी।
सीधे नागोया पहुंच सकते हैं खिलाड़ी
अगर वीजा में और देरी हुई तो कुछ खिलाड़ी अनुकूलन शिविर में शामिल नहीं हो पाएंगे। ऐसे में वे सीधे नागोया पहुंचकर भारतीय दल से जुड़ सकते हैं। एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं 23 सितंबर से शुरू होनी हैं और खिलाड़ी 20 सितंबर के बाद टोक्यो से नागोया रवाना होंगे।
इसे भी पढे़ं : एशियन गेम्स का सपना टूटा, गोल्ड मेडलिस्ट Anush Agarwalla का फूटा दर्द, चयन प्रक्रिया पर उठाए बड़े सवाल
पदकों की उम्मीद के बीच नई चुनौती
भारत की नजर इस बार एशियन गेम्स में पिछले प्रदर्शन से बेहतर नतीजों पर है। एथलेटिक्स को पदकों की सबसे बड़ी उम्मीद माना जा रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों का समय पर जापान पहुंचना और पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना भारतीय दल के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।