
रावलपिंडी टेस्ट के तीसरे दिन पाकिस्तान के स्पिनर आसिफ अफरीदी ने एक ऐसा रिकॉर्ड कायम किया है, जो कि अब क्रिकेट इतिहास में दर्ज हो गया. दरअसल आसिफ अफरीदी ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन कर दिखाया हैं. इसके साथ ही आसिफ ने इस दौरान 5 विकेट झटके और 92 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया.
टेस्ट डेब्यू में 5 विकेट लेने वाले उम्रदराज बॉलर
अब टेस्ट डेब्यू में 38 साल के आसिफ अफरीदी पांच विकेट लेने वाले दुनिया के सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के चार्ल्स मैरियट के नाम पर दर्ज था, जिन्होंने साल 1933 में 37 साल 332 दिन की उम्र में यह कारनामा कर दिखाया था. अफरीदी ने 38 साल 301 दिन की उम्र में यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है.
लंबे इंतज़ार के बाद मिला डेब्यू का मौका
पाकिस्तान की घरेलू क्रिकेट में पिछले कई सालों से आसिफ अफरीदी शानदार प्रदर्शन कर रहे थे. हालांकि राष्ट्रीय टीम में जगह पाने में उन्हें लंबा इंतज़ार करना पड़ा. आखिरकार रावलपिंडी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्हें डेब्यू करने का मौका मिल गया और उन्होंने इस मौके को पूरी तरह भुनाया. धीमी पिच पर अफरीदी की सटीक स्पिन और विविध गेंदबाजी के आगे अफ्रीकी बल्लेबाज टिक नहीं सके. उन्होंने दूसरे दिन 2 और तीसरे दिन 3 विकेट लेकर कुल 5 विकेट झटके, जिससे पाकिस्तान टीम में मजबूत स्थिति में पहुंच गई.
पाक के दूसरे सबसे उम्रदराज गेंदबाज बने
इस प्रदर्शन के साथ अफरीदी का नाम पाकिस्तान के इतिहास में दर्ज हो गया है. वह अब टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में 5 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के दूसरे सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गए हैं. इस सूची में पहले नंबर पर नोमान अली का नाम हैं, जिन्होंने 39 साल और 5 दिन की उम्र में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 6 विकेट लिए थे.
पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास में नाम दर्ज
पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास में कई गेंदबाजों ने उम्र के इस पड़ाव पर भी शानदार प्रदर्शन कर मिसाल कायम की है. इनमें सबसे उम्रदराज गेंदबाज के रूप में नोमान अली का नाम सबसे ऊपर आता है. उन्होंने साल 2025 में 39 साल और 5 दिन की उम्र में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लाहौर टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट लेकर इतिहास रच दिया था. उनके बाद आसिफ अफरीदी का नाम आता है. जिन्होंने 38 साल 301 दिन की उम्र में रावलपिंडी टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 विकेट झटके हैं,यह उनके करियर का डेब्यू मैच था, जिसमें उन्होंने 92 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. वहीं तीसरे स्थान पर हैं मोहम्मद नजीर. जिन्होंने साल 1983 में 37 साल 211 दिन की उम्र में टेस्ट मैच की एक पारी में 5 विकेट लेकर पाकिस्तान को मजबूती दिलाई थी. इन तीनों गेंदबाजों ने यह साबित किया कि अनुभव और निरंतर मेहनत के दम पर किसी भी उम्र में क्रिकेट के मैदान पर बड़ा कारनामा किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें : राष्ट्रपति की सुरक्षा में बड़ी चूक, मचा हड़कंप, दो पलों के लिए थम गई थी अफसरों की सांसें, जानें क्या हुआ ?
पाकिस्तान को मिली मजबूत बढ़त
आसिफ अफरीदी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने मैच में मजबूत पकड़ बना ली है. उनकी गेंदबाजी ने न केवल टीम को बढ़त दिलाई, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक संख्या है कि जज़्बा और मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है.