CBSE Board Exams 2027: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने साल 2026-27 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। बोर्ड ने अपने सभी एफिलिटेड स्कूलों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की एलओसी (List of Candidates - LOC) जल्द से जल्द ऑनलाइन सबमिट करें। अगर स्कूल समय पर यह प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो उन्हें अतिरिक्त लेट फीस देनी होगी।
21 अक्टूबर तक बिना लेट फीस जमा करें एलओसी
नोटिफिकेशन के मुताबिक, स्कूल 21 अक्टूबर तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के योग्य छात्रों की एलओसी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। वहीं, अगर स्कूल 21 अक्टूबर की डेडलाइन मिस कर देते हैं, तो उन्हें 2,000 रुपये प्रति छात्र लेट फीस देकर 30 अक्टूबर तक एलओसी जमा करने का मौका मिलेगा।
क्या होती है LOC और क्यों है जरूरी
एलओसी LOC (List of Candidates) एक ऑफिशियल रिकॉर्ड होता है, जिसमें स्कूल बोर्ड परीक्षा देने वाले नियमित छात्रों की पूरी जानकारी वैरिफाई करके CBSE को भेजते हैं। इसी डेटा के आधार पर छात्रों के एडमिट कार्ड, रोल नंबर और आगे की परीक्षा रुपरेखा तैयार की जाती है।
यह भी पढ़ें: NIFT 2027: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी में एडमिशन के लिए आवेदन शुरू, 10 जनवरी को होगी परीक्षा
बोर्ड ने स्कूलों को दिया निर्देश
बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि सबमिशन से पहले छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि और विशेषकर विषय कोड अच्छी तरह चेक कर लें। विषयों के चुनाव में हुई छोटी सी भी लापरवाही छात्र का पूरा साल खराब कर सकती है। अंतिम समय में होने वाले सर्वर क्रैश और टेक्निकल समस्याओं से बचने के लिए स्कूलों को समय से पहले प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है