
भविष्य में आर्थिक सुरक्षा हर किसी के लिए बेहद जरूरी है. अक्सर लोग केवल आज की जरूरतों पर ध्यान देते हैं और बुढ़ापे की तैयारी नहीं करते. जब उम्र ढल जाती है और काम करने की क्षमता कम हो जाती है, तब पैसों की सबसे ज्यादा जरूरत होती है. इसी को देखते हुए सरकार ने लोगों के लिए कई पेंशन योजनाएं शुरू की हैं. इन्हीं योजनाओं में से एक है अटल पेंशन योजना.
क्या है अटल पेंशन योजना?
अटल पेंशन योजना केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसका उद्देश्य बुजुर्गों को नियमित आय उपलब्ध कराना है. इस योजना में निवेश करने वाले लोगों को 60 साल की उम्र के बाद हर महीने पेंशन मिलती है. योजना के तहत अधिकतम 5000 रुपये प्रतिमाह तक पेंशन का लाभ लिया जा सकता है. यह योजना खासतौर पर छोटे व्यवसायियों, किसानों, मजदूरों और उन लोगों के लिए है, जिन्हें नौकरी के बाद पेंशन की सुविधा नहीं मिलती.
कौन कर सकता है आवेदन?
अटल पेंशन योजना में 18 से 40 साल तक का कोई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है. जितनी कम उम्र में योजना में जुड़ेंगे, उतना ही कम प्रीमियम (मासिक योगदान) देना होगा. उदाहरण के लिए अगर कोई व्यक्ति 30 साल की उम्र में इस योजना से जुड़ता है और 5000 रुपये मासिक पेंशन चाहता है, तो उसे लगभग 577 रुपये प्रति माह जमा करना होगा. यह राशि उसे लगातार 30 साल तक भरनी होगी. इसके बाद 60 साल की उम्र में उसे जीवनभर हर महीने 5000 रुपये पेंशन मिलती रहेगी. इस योजना में मिलने वाली पेंशन 1000 रुपये से लेकर 5000 रुपये प्रति माह तक हो सकती है. यह पेंशन आपके योगदान (प्रीमियम) पर निर्भर करती है.
ये भी पढ़ें : भारी गुस्से में आए Premanand Maharaj के भक्त, Ramabhadracharya के चैलेंज पर संतों में भी छिड़ी तकरार, पढ़ें एक क्लिक में
क्या है आवेदन की प्रक्रिया
अटल पेंशन योजना में खाता खुलवाने के लिए आप अपने नजदीकी बैंक, पोस्ट ऑफिस या सीएससी सेंटर जा सकते हैं. वहां आपको APY फॉर्म भरना होगा और आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर जैसे जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. चाहें तो ऑनलाइन भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है. आइए आपको बताते हैं कि क्यों है यह योजना खास?
कम मासिक निवेश पर आजीवन पेंशन
18 से 40 साल तक कोई भी व्यक्ति जुड़ सकता है
60 साल की उम्र के बाद निश्चित मासिक आय
परिवार के लिए आर्थिक सुरक्षा
अगर आप चाहते हैं कि बुढ़ापे में आपको पैसों की चिंता न करनी पड़े, तो अटल पेंशन योजना आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. सिर्फ कुछ सौ रुपये हर महीने निवेश करके आप 60 साल की उम्र के बाद हर महीने 5000 रुपये तक की गारंटीड पेंशन पा सकते हैं.