
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. ये मुकाबला टीम इंडिया के लिए अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले एक बड़ा सबक साबित हुआ. भारत की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और महज 125 रन पर ढेर हो गई, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने इस मामूली लक्ष्य को 40 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया. इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने भारत को उसी की रणनीति से मात दी और मेलबर्न में 8 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारतीय टीम को हराया.
125 रन पर ऑल आउट हुई टीम इंडिया
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही. कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल सहित टॉप ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया. ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड ने कहर बरपाते हुए भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी. उन्होंने अपने चार ओवर के स्पैल में सिर्फ 13 रन देकर 3 विकेट झटके, जिनमें गिल, सूर्यकुमार और तिलक वर्मा जैसे स्टार बल्लेबाज शामिल थे. भारत ने 8वें ओवर तक 49 रन पर 5 विकेट गंवा दिए और बल्लेबाजी क्रम ध्वस्त होता चला गया। हालांकि, अभिषेक शर्मा और हर्षित राणा ने मिलकर 56 रन की साझेदारी की, जिसकी बदौलत भारत 100 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब हुआ. टीम 18.4 ओवर में 125 रन पर ऑल आउट हो गई.
मिचेल मार्श ने 39 गेंदों पर 66 रन बनाए
भारतीय गेंदबाजों में एकमात्र सकारात्मक पहलू जसप्रीत बुमराह का शानदार प्रदर्शन था. उन्होंने अपने ओवर में घातक यॉर्कर से मैट शॉर्ट को बोल्ड कर दिया वो खाता भी नहीं खोल सके. बुमराह ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर रोमांच बढ़ाया, लेकिन बाकी गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक रुख को रोक नहीं सके. मिचेल मार्श ने कप्तानी पारी खेलते हुए 39 गेंदों पर 66 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. उनके साथ बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने भी 24 रन का योगदान दिया, जिससे टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया.
इसे भी पढ़ें : Bihar में BJP के मास्टरस्ट्रोक से तेजस्वी खेमे में हलचल, बढ़ी विपक्षी नेताओं की टेंशन, नहले पर मारा इस बार बीजेपी ने दहला, 1 करोडों रोजगार देने का किया बड़ा वादा !
एकतरफा अंदाज में जीता मैच
ऑस्ट्रेलिया ने ये मैच न केवल एकतरफा अंदाज में जीता बल्कि भारत के खिलाफ मेलबर्न में सबसे तेज रन चेज़ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. भारतीय टीम के लिए ये हार एक चेतावनी है खासकर बैटिंग ऑर्डर और रणनीति को लेकर. जहां हेजलवुड और स्टार्क ने भारतीय टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया, वहीं मार्श की कप्तानी पारी ने टीम इंडिया की गेंदबाजी की सीमाएं उजागर कर दीं. अब सवाल यही है कि टीम इंडिया इस हार से सबक लेकर तीसरे टी20 में किस तरह वापसी करती है, क्योंकि अगर यही हाल रहा तो आने वाला टी20 वर्ल्ड कप टीम के लिए मुश्किल भरा हो सकता है.