अयोध्या में धर्मध्वजा चढ़ा, लेकिन असली संदेश राजनीति की जमीन हिला देने वाला था. जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और RSS प्रमुख मोहन भागवत एक मंच पर साथ दिखाई दिए, राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई. सियासी जानकारों का कहना है कि यह सिर्फ धार्मिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि 2027 विधानसभा और 2029 लोकसभा चुनाव की नई स्क्रिप्ट का ऐलान था. तीनों नेताओं ने जिस अंदाज में संदेश दिया, उसने अखिलेश यादव, राहुल गांधी, मायावती और पूरे विपक्ष को सोचने पर मजबूर कर दिया. अयोध्या में मोदी-योगी के भाषणों ने साफ कर दिया कि यह आयोजन एक राजनीतिक संकेत है, और बीजेपी अब नए नैरेटिव के साथ आगे बढ़ रही है.
मोदी-योगी-भागवत की तिकड़ी और विपक्ष में खलबली
अयोध्या में तीन बड़े चेहरे मोदी, योगी और भागवत का एकसाथ मंच पर आना विपक्ष के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है। सियासी पंडित इसे 2027 चुनाव का बिगुल बताते हैं। मंच पर दिखी यह एकता इस बात का साफ संकेत थी कि बीजेपी अब एकजुट होकर व्यापक हिंदू पहचान बनाने की रणनीति पर काम करेगी। राम मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा चढ़ने के साथ ही बीजेपी ने संदेश दे दिया कि आने वाले चुनावों में राम सिर्फ आस्था नहीं, बल्कि विकास, सांस्कृतिक गौरव और राजनीतिक एकता का प्रतीक बनेंगे। विपक्ष यह समझ ही नहीं पा रहा कि इस रणनीति की काट कैसे खोजें।
मोदी ने रामराज्य को 2047 के विकसित भारत से जोड़ा
पीएम मोदी के भाषण ने अयोध्या को सिर्फ धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि नए भारत की वैचारिक राजधानी बना दिया। उन्होंने रामराज्य को विकास के मॉडल से जोड़ा और 2047 तक विकसित भारत का रोडमैप रखा। मोदी ने गुलामी की मानसिकता खत्म करने की बात कही.
बीजेपी फिर लौटी 80-20 फॉर्मूले पर
विशेषज्ञों का मानना है कि यूपी में 2024 चुनाव में बीजेपी को जातिगत राजनीति का नुकसान हुआ था। इसलिए अयोध्या कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दलित, पिछड़े, आदिवासी तपस्वियों, साधु-संतों को बुलाया गया। मंच से शबरी, निषादराज, जटायु और अहिल्या का उल्लेख कर मोदी ने सीधा संदेश दिया कि राम सबके हैं। इसका मतलब साफ है बीजेपी जातियों की रेखा मिटाकर व्यापक हिंदू पहचान को केंद्र में ला रही है। यही रणनीति अखिलेश, मायावती और राहुल के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाली है।
2027-2029 की राजनीतिक मशीनरी तैयार
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने 500 साल के संघर्ष, कारसेवकों और संतों की शहादत का उल्लेख कर भावनात्मक लहर पैदा की। मोदी और योगी ने भी संघ की भूमिका को खुलकर सराहा। राजनीतिक जानकार कहते हैं कि यह संकेत है कि 2027 और 2029 के चुनाव में संघ पूरी ताकत से मैदान में उतरने जा रहा है। यह संगठनात्मक शक्ति ही बीजेपी को विपक्ष पर भारी बनाती है। योगी ने कहा कि अयोध्या अब विश्व की आस्था की राजधानी है और इसका श्रेय मोदी को जाता है। यह संदेश साफ है योगी, मोदी और संघ एक ही मिशन पर हैं।
इसे भी पढ़ें : Delhi Trade Fair में Kashmir से Uttarakhand तक का जलवा, नहीं देखीं ये 5 चीजें तो होगा पछतावा
राम मंदिर विजय नहीं, विरासत का प्रतीक
बीजेपी ने साफ किया कि राम मंदिर किसी की हार या जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता का पुनर्जागरण है। यह संदेश इसलिए अहम है क्योंकि इससे बीजेपी सांस्कृतिक भावनाओं को जातीय समीकरणों के ऊपर रख रही है। जानकार कहते हैं कि यह आयोजन विपक्ष को बताने के लिए काफी था कि अब चुनाव 80 फीसदी हिंदू एकता बनाम 20 फीसदी अल्पसंख्यक के बीच लड़ा जाएगा। अयोध्या से उठी ये लहर सिर्फ मंदिर तक सीमित नहीं—यह आने वाले दो बड़े चुनावों की पॉलिटिकल दिशा तय करने वाली है।