प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अयोध्या पहुंचे और राम मंदिर के शिखर पर धर्मध्वज फहराया. इस मौके ने एक बार फिर अयोध्या के आर्थिक बदलाव की कहानी चर्चा में ला दी. राम मंदिर के निर्माण के बाद से अयोध्या आर्थिक तौर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. यूपी की समग्र अर्थव्यवस्था में अब अयोध्या का योगदान 1.5% तक पहुंच गया है. केंद्र और राज्य सरकार यहां कई बड़ी विकास परियोजनाओं पर काम कर रही हैं, जिससे शहर की रफ्तार पहले से कहीं ज्यादा तेज हो गई है.
अयोध्या बना टूरिज्म का नया केंद्र
22 जनवरी 2024 को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां पर्यटन में तेज उछाल दर्ज किया गया. अयोध्या अब स्थानीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए भी पसंदीदा डेस्टिनेशन बन चुका है. लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने से होटल व्यवसाय, स्थानीय दुकानदार, परिवहन सेवाएं और रियल एस्टेट सेक्टर को बड़ी बढ़त मिली है. प्रॉपर्टी के दाम तेजी से बढ़े हैं और बाजारों में खरीदारों की भीड़ लगातार बढ़ रही है. पर्यटन से मिली यह रफ्तार जिले की अर्थव्यवस्था को सीधे मजबूत कर रही है.
ये भी पढ़ें : NCR में पेट्रोल-डीजल डिलीवरी गाड़ियां बंद, 2026 से सिर्फ Electric-CNGफ्लीट
अयोध्या GDP अब 10,207 करोड़
ताजा आंकड़ों के मुताबिक अयोध्या का सकल घरेलू उत्पाद यानी GDP अब 10,207.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. केंद्र और राज्य सरकार यहां लगभग 33,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं चला रही हैं. इनमें सड़क, परिवहन, धार्मिक सुविधाएं, स्टेशन आधुनिकीकरण और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े कई कार्य शामिल हैं. कई प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं, जबकि बाकी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. इन योजनाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को हर सुविधा मिले और शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर आधुनिक बने.
रोजगार और आय में बढ़ोतरी
राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या की अर्थव्यवस्था में बहुआयामी विकास देखने को मिला है. कारीगरों, फूल विक्रेताओं, पुजारियों, रिटेल दुकानदारों से लेकर होटल-रेस्टोरेंट उद्योग तक हर सेक्टर में 5 गुना तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इससे जिले की प्रति व्यक्ति आय भी तेजी से बढ़ी है. आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि राम मंदिर का प्रभाव अब साफ दिखने लगा है. रोजगार के अवसर बढ़े हैं, लोगों की आय में इजाफा हुआ है और अयोध्या एक समृद्ध, आधुनिक और विश्व-स्तरीय धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है.