टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले बांग्लादेश क्रिकेट एक बड़े विवाद में घिर गया है। बांग्लादेश ‘ए’ टीम के ऑलराउंडर तोफायल अहमद रहमान के खिलाफ ढाका पुलिस ने महिला उत्पीड़न मामले में चार्जशीट दाखिल की है। आरोप है कि तोफायल ने एक युवती को शादी का भरोसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। मामला महिला और बाल उत्पीड़न निरोधक अधिनियम की धारा 9(1) के तहत दर्ज किया गया है, जिसे बांग्लादेश के कड़े कानूनों में गिना जाता है।
पुलिस ने जुटाए सबूत, केस हुआ और मजबूत
जांच अधिकारी ने बताया कि उनके पास आरोप साबित करने के लिए पुख्ता सबूत मौजूद हैं। इनमें युवती का पहला बयान, होटल की बुकिंग डिटेल, मेडिकल रिपोर्ट और जांच के दौरान मिले अन्य दस्तावेज शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों की बातचीत जनवरी से फेसबुक और मैसेंजर पर शुरू हुई थी और धीरे-धीरे रिश्ता बना। 31 जनवरी को तोफायल युवती को गुलशन के एक होटल में ले गया, जहां उसे पत्नी बताकर ले गया और फिर जबरन संबंध बनाए गए।
कई बार संबंध और फिर शादी से इनकार
शिकायत के अनुसार, आरोपी क्रिकेटर ने शादी का भरोसा दिलाकर कई बार युवती के साथ संबंध बनाए, लेकिन जब युवती ने शादी पर जोर दिया तो उसने इनकार कर दिया। मानसिक उत्पीड़न और धमकियों से परेशान होकर युवती ने 1 अगस्त को केस दर्ज कराया। हाई कोर्ट ने उसे 6 हफ्ते की अग्रिम जमानत दी थी और आदेश दिया था कि वह जमानत खत्म होने से पहले संबंधित अदालत में पेश हो, लेकिन उसने कोर्ट के निर्देश का पालन नहीं किया।
इसे भी पढ़ें : वनडे में बैटिंग ऑर्डर का हंगामा बेकार? Gambhir से सहमत हुए एबी डिविलियर्स, Team India को लेकर बड़ा दावा
हॉन्गकॉन्ग चला गया खिलाड़ी
जमानत की अवधि में तोफायल देश छोड़कर हॉन्गकॉन्ग चला गया, जहां वह बांग्लादेश ‘ए’ टीम की ओर से एक टूर्नामेंट खेलने लगा। इस कदम से मामले पर और गंभीर सवाल उठे हैं। पुलिस का कहना है कि उनके पास अब पर्याप्त सबूत हैं जो आरोपों को मजबूत बनाते हैं, जिससे खिलाड़ी का करियर बड़े खतरे में है। इधर टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियां तेज हैं, लेकिन बांग्लादेश टीम का माहौल इस विवाद के कारण प्रभावित होता दिख रहा है, खासकर तब जब उनके पास वर्ल्ड कप से पहले कोई भी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं है।