हालिया आम चुनावों के बाद Bangladesh Nationalist Party ने सरकार बनाई और तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. बांग्लादेश संसदीय लोकतंत्र पर चलता है, जहां सरकार का नेतृत्व प्रधानमंत्री करते हैं. देश की संसद को जातीय संसद कहा जाता है, जो एक सदन वाली विधायिका है. यहां सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी या गठबंधन को बहुमत हासिल करना जरूरी होता है. बहुमत मिलने के बाद राष्ट्रपति उसी दल या गठबंधन के नेता को प्रधानमंत्री नियुक्त करते हैं, जो फिर अपनी कैबिनेट बनाते हैं.
संसद की संरचना और सदस्य
जातीय संसद में कुल 350 सदस्य होते हैं. इनमें से 300 सदस्य सीधे जनता द्वारा फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट सिस्टम से चुने जाते हैं. बाकी 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जिन्हें चुने गए सांसदों द्वारा अनुपातिक प्रतिनिधित्व के आधार पर चुना जाता है. सरकार बनाने के लिए 300 निर्वाचित सीटों में कम से कम 151 का समर्थन जरूरी होता है. संविधान के अनुसार अधिकतर मंत्री संसद सदस्य होने चाहिए, हालांकि कुछ विशेषज्ञों को मंत्री बनाया जा सकता है. राष्ट्रपति औपचारिक रूप से देश के प्रमुख होते हैं, लेकिन वास्तविक कार्यकारी शक्ति प्रधानमंत्री और उनकी कैबिनेट के पास रहती है.
ये भी पढ़ें : Dwarka हादसे में नया खुलासा! 19 साल का बताया गया आरोपी निकला नाबालिग, गाड़ी पर 13 चालान से बढ़ा मामला
भारत से बड़ा संरचनात्मक अंतर
सतही तौर पर यह व्यवस्था भारत जैसी लगती है, लेकिन असल फर्क संरचना में दिखता है. भारत में दो सदनों वाली संसद है-लोकसभा और राज्यसभा. जबकि बांग्लादेश में सिर्फ एक ही विधायी सदन है. भारत संघीय व्यवस्था वाला देश है, जहां राज्यों की अपनी सरकारें और विधानसभाएं होती हैं. इसके उलट बांग्लादेश एक एकात्मक व्यवस्था वाला देश है, जहां पूरी प्रशासनिक शक्ति केंद्र सरकार के पास रहती है और मुख्य प्रशासनिक नियंत्रण ढाका से चलता है.
पार्टी नियंत्रण और राष्ट्रपति चुनाव
दोनों देशों में राष्ट्रपति संवैधानिक प्रमुख होते हैं, लेकिन उनकी भूमिका मुख्यतः औपचारिक रहती है. अंतर चुनाव प्रक्रिया में है- भारत में राष्ट्रपति का चुनाव सांसदों और राज्य विधायकों के इलेक्टोरल कॉलेज द्वारा होता है, जबकि बांग्लादेश में केवल संसद सदस्य ही राष्ट्रपति चुनते हैं. एक और बड़ा फर्क संविधान के अनुच्छेद 70 से जुड़ा है. यदि कोई सांसद अपनी पार्टी के खिलाफ वोट करता है या पार्टी छोड़ता है, तो उसकी सदस्यता खत्म हो जाती है. इससे पार्टी अनुशासन बेहद मजबूत रहता है और प्रधानमंत्री का नियंत्रण संसद पर काफी ज्यादा प्रभावी होता है.