टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले जिस तरह बांग्लादेश और पाकिस्तान के फैसलों ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है, उसने क्रिकेट फैंस को 2009 के टी20 वर्ल्ड कप की याद दिला दी है। उस वक्त भी सब कुछ मैदान के बाहर शुरू हुआ था और असर मैदान के अंदर साफ दिखा था। क्रिकेट अक्सर जुनून और एकजुटता का खेल माना जाता है, लेकिन इतिहास गवाह है कि जब ड्रेसिंग रूम में हालात बिगड़ते हैं, तो नुकसान टीम को ही उठाना पड़ता है।
धोनी-सहवाग विवाद की उड़ती खबरें
साल 2009 में इंग्लैंड में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप के दौरान मीडिया में लगातार खबरें चल रही थीं कि तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बीच सब कुछ ठीक नहीं है। कहा जा रहा था कि सहवाग की चोट, उनकी भूमिका और टीम में जगह को लेकर मतभेद गहरे हो चुके हैं। हालात ऐसे बताए गए कि टीम दो खेमों में बंटी नजर आने लगी।
जब पूरी टीम प्रेस कॉन्फ्रेंस में आ गई
नॉटिंघम में प्रेस कॉन्फ्रेंस का वक्त था और सभी को उम्मीद थी कि कप्तान अकेले आएंगे। लेकिन जो हुआ, उसने सबको चौंका दिया। धोनी के पीछे पूरी 15 सदस्यीय भारतीय टीम प्रेस रूम में पहुंच गई। कप्तान ने एक लिखित बयान पढ़कर कहा कि टीम पूरी तरह एकजुट है और मीडिया की खबरें गलत हैं। सहवाग भी वहीं खड़े थे और टीम एक दीवार की तरह अपने कप्तान के साथ नजर आई। यह एक मजबूत संदेश था, लेकिन अंदर की सच्चाई कुछ और ही इशारा कर रही थी।
मैदान पर दिखने लगा असर
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भी हालात नहीं सुधरे। सहवाग ने उस टी20 वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं खेला। अगले दिन वह नेट्स पर जरूर दिखे, लेकिन शाम तक कंधे की चोट का हवाला देकर भारत लौट गए। इस पूरे विवाद का सीधा असर टीम के प्रदर्शन पर पड़ा। भारत सुपर आठ राउंड में अपने तीनों मैच हार गया और नॉकआउट से पहले ही बाहर हो गया।
इसे भी पढ़ें : क्वार्टर फाइनल से पहले Mumbai का बड़ा दांव, Jaiswal-Shardul की वापसी, जीत नहीं मिली तो खत्म हो सकता है खिताब का सपना
हार की हैट्रिक और टूर्नामेंट से विदाई
टीम इंडिया के लिए यह टूर्नामेंट बेहद निराशाजनक रहा। 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन 2009 में अंदरूनी खींचतान ने सब बिगाड़ दिया। भारत की लगातार तीन हार ने साफ कर दिया कि ड्रेसिंग रूम की अस्थिरता का खामियाजा मैदान पर भुगतना पड़ता है। उस टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब जीत लिया।
इतिहास से सबक लेने की जरूरत
अब तक टी20 वर्ल्ड कप के छह संस्करण पूरे हो चुके हैं और सातवां संस्करण शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर गया है। बांग्लादेश और पाकिस्तान के फैसलों ने यह साफ कर दिया है कि अगर समय रहते हालात नहीं संभाले गए, तो नुकसान सिर्फ एक मैच या एक टीम का नहीं होगा, बल्कि पूरे टूर्नामेंट की साख पर असर पड़ेगा। 2009 की कहानी यही सिखाती है कि क्रिकेट में राजनीति और अंदरूनी कलह का अंत हमेशा नुकसान पर ही होता है।