टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने मैच अधिकारियों के पैनल का ऐलान कर दिया है। यह घोषणा शुक्रवार को की गई, जिसमें ग्रुप स्टेज के लिए अंपायर्स और मैच रेफरी के नाम शामिल हैं। खास बात यह रही कि इस सूची में भारत के चार अनुभवी अधिकारियों को जगह मिली है। साथ ही बांग्लादेश के दो अंपायर्स को भी शामिल किया गया है, जबकि हाल ही में बांग्लादेश ने टूर्नामेंट के बहिष्कार की बात कही थी।
बहिष्कार के बीच चौंकाने वाला फैसला
आईसीसी का यह फैसला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि बांग्लादेश के बहिष्कार के ऐलान के बावजूद उसके अंपायर्स को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे साफ संकेत मिलता है कि आईसीसी किसी देश की राजनीति या विवाद के बजाय प्रोफेशनल अनुभव और प्रदर्शन को प्राथमिकता दे रहा है। क्रिकेट जगत में इसे आईसीसी का संतुलित और सख्त संदेश माना जा रहा है।
बांग्लादेश के इन दो अंपायर्स को जिम्मेदारी
पैनल में बांग्लादेश के शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और गाजी सोहेल को शामिल किया गया है। शरफुद्दौला पहले भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में अंपायरिंग कर चुके हैं और उन्हें अनुभवी माना जाता है। वहीं गाजी सोहेल लगातार इंटरनेशनल और एलीट पैनल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराते रहे हैं। आईसीसी ने साफ किया है कि चयन पूरी तरह ट्रैक रिकॉर्ड और पेशेवर मानकों के आधार पर किया गया है।
चार भारतीय अधिकारियों को मिली जगह
भारतीय अधिकारियों की बात करें तो इस बार चार नाम पैनल में शामिल किए गए हैं। जवागल श्रीनाथ को मैच रेफरी के रूप में चुना गया है। वहीं ऑन फील्ड अंपायर्स में जयरामन मदनगोपाल, नितिन मेनन और केएनए पद्मनाभन शामिल हैं। नितिन मेनन को हाल के सालों में आईसीसी के सबसे भरोसेमंद अंपायर्स में गिना जाता है और बड़े मुकाबलों में उनकी मौजूदगी आम बात हो चुकी है।
इसे भी पढ़ें : विदेश जाना पड़ा भारी, फिर भी नहीं छोड़ा साथ, कुत्ते के लिए दंपत्ति ने उठाया 15 लाख का खर्च
सात फरवरी से शुरू होगा टी20 वर्ल्ड कप
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत सात फरवरी से होगी। ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के लिए कुल 24 ऑन फील्ड अंपायर्स और 6 मैच रेफरी जिम्मेदारी संभालेंगे। आईसीसी ने यह भी साफ किया है कि सुपर आठ और नॉकआउट मुकाबलों के लिए मैच अधिकारियों की अलग से घोषणा बाद में की जाएगी।
अनुभव को मिली प्राथमिकता
मैच रेफरी की सूची में डीन कॉस्कर, डेविड गिल्बर्ट, रंजन मदुगले, एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट, रिची रिचर्डसन और जवागल श्रीनाथ जैसे अनुभवी नाम शामिल हैं। वहीं अंपायर्स की लिस्ट में कुमार धर्मसेना, क्रिस गैफनी, रिचर्ड केटलबोरो, रॉड टकर जैसे बड़े नाम भी मौजूद हैं। कुल मिलाकर आईसीसी ने यह साफ कर दिया है कि टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में सिर्फ अनुभव और भरोसे को ही जगह मिलेगी।