Bangladesh Witnesses Growing Chaos: बांग्लादेश में हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं। फरीदपुर में मशहूर गायक और गीतकार जेम्स के कंसर्ट के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी। शुक्रवार रात करीब 9 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में भीड़ ने जबरन घुसकर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस हमले में करीब 20 लोग घायल हो गए, जिनमें दर्शक और आयोजन से जुड़े लोग शामिल हैं। हालात बेकाबू होते देख कार्यक्रम को तुरंत रद्द करना पड़ा। इस घटना ने देश में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कला पर हमला, कलाकारों में डर
इस घटना पर बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन ने भी चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कहा कि बांग्लादेश में संगीत, रंगमंच और सांस्कृतिक संस्थानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने छायानाट और उदिची जैसे सांस्कृतिक केंद्रों को नुकसान पहुंचने का जिक्र किया। नसरीन के अनुसार, कई नामचीन कलाकार अब बांग्लादेश आने से कतराने लगे हैं। हाल ही में उस्ताद अलाउद्दीन खान के पोते सिराज अली खान और उस्ताद राशिद खान के बेटे अरमान खान ने भी असुरक्षा का हवाला देते हुए कार्यक्रमों से दूरी बना ली है।
यह भी देखेंःदोनों ऑपरेशन पहलगाम आतंकी हमले का था जवाब, ऑपरेशन सिंदूर और महादेव पर बोले अमित शाह
राजनीतिक अस्थिरता, हिंसा का बढ़ता दायरा
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद से देश में भीड़ हिंसा की घटनाएं तेज हो गई हैं। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर हालात काबू में न कर पाने के आरोप लग रहे हैं। कलाकारों, पत्रकारों और अल्पसंख्यकों पर हमले लगातार बढ़ रहे हैं। शेख हसीना और अवामी लीग ने यूनुस सरकार को घेरते हुए कहा है कि हिंसा अब आम बात बन चुकी है, जिससे न केवल देश की आंतरिक स्थिरता प्रभावित हो रही है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बांग्लादेश की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।