पिछले कुछ हफ्ते बांग्लादेश क्रिकेट के लिए बेहद मुश्किल रहे हैं। पुरुष टीम के टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत नहीं आने के फैसले ने बड़ा विवाद खड़ा किया। इसी जिद की वजह से बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को मौका मिला। इस फैसले से बांग्लादेश के क्रिकेट फैंस काफी निराश हुए और बोर्ड की जमकर आलोचना भी हुई।
महिला टीम ने दिया फैंस को जश्न का मौका
इसी निराशा के बीच बांग्लादेश क्रिकेट के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई। बांग्लादेश की महिला टीम ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। सुपर-6 मुकाबले में थाईलैंड को 39 रनों से हराकर टीम ने वर्ल्ड कप का टिकट पक्का किया। इस जीत के साथ बांग्लादेश के फैंस को फिर से जश्न मनाने का मौका मिला है।
पुरुष टीम बाहर, अब महिला टीम से उम्मीद
पुरुष टीम के वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद फैंस काफी मायूस थे। बोर्ड के फैसले की वजह से खिलाड़ी और समर्थक दोनों ही मुश्किल में दिखे। लेकिन महिला टीम की इस कामयाबी ने माहौल बदल दिया है। अब बांग्लादेश के फैंस अपनी महिला टीम को वर्ल्ड कप के मंच पर खेलते हुए देख सकेंगे और उनका हौसला बढ़ा सकेंगे।
नीदरलैंड के साथ बांग्लादेश भी क्वालीफाई
बांग्लादेश के साथ-साथ नीदरलैंड की महिला टीम ने भी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया है। खास बात यह है कि नीदरलैंड की महिला टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलने जा रही है। यह उनके क्रिकेट इतिहास के लिए एक बड़ा पल माना जा रहा है और टीम के लिए गर्व की बात है।
इसे भी पढ़ें : Cricket पर नहीं शूटिंग पर भरोसा, भारत आएंगे बांग्लादेशी निशानेबाज, T20 World Cup विवाद के बाद बदला ढीला रुख
कब और कहां होगा महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन इंग्लैंड में किया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से होगी और फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा। इस वर्ल्ड कप में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें से 8 टीमें पहले से तय थीं जबकि 4 टीमों ने क्वालीफायर के जरिए जगह बनाई है।
ग्रुप्स का एलान, बड़े मुकाबलों की तैयारी
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं। वहीं ग्रुप बी में इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज को रखा गया है। अब बांग्लादेश की महिला टीम से उम्मीद होगी कि वह इस बड़े मंच पर अच्छा प्रदर्शन कर देश को नई खुशी दे।