टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत और बांग्लादेश के बीच माहौल अचानक गरमा गया है। विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल टीम से रिलीज कर दिया गया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया। यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब वर्ल्ड कप का आयोजन भारत और श्रीलंका में होना तय है और टूर्नामेंट शुरू होने में ज्यादा वक्त नहीं बचा है।
मुस्तफिजुर की रिलीज बनी वजह
बांग्लादेश बोर्ड का कहना है कि मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाने के बाद खिलाड़ियों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ी है। बताया जा रहा है कि कोलकाता नाइटराइडर्स ने बीसीसीआई के कहने पर मुस्तफिजुर को रिलीज किया था। केकेआर ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसी फैसले को बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार की बड़ी वजह बताया है।
आईसीसी से मैच बाहर कराने की मांग
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से साफ तौर पर मांग की है कि उनके टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले भारत के बाहर कराए जाएं। बोर्ड का तर्क है कि मौजूदा हालात में भारत में खेलना सुरक्षित नहीं है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि आईसीसी ने बांग्लादेश को 21 जनवरी तक भारत में खेलने पर अंतिम फैसला लेने की डेडलाइन दी थी।
डेडलाइन पर BCB का इनकार
इस पूरे मामले में नया मोड़ तब आया जब बांग्लादेश बोर्ड ने 21 जनवरी की डेडलाइन को सिरे से खारिज कर दिया। बोर्ड का कहना है कि उन्हें आईसीसी की ओर से किसी भी तरह की कोई आधिकारिक समय-सीमा नहीं मिली है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि जब तक सुरक्षा को लेकर संतोषजनक भरोसा नहीं मिलता, तब तक भारत आने पर फैसला बदलना मुश्किल है।
इसे भी पढ़ें : T20 World Cup से बाहर होगा Bangladesh? Scotland तैयार, ICC के फैसले पर टिकी नजरें
कोलकाता और मुंबई में होने हैं मैच
मौजूदा शेड्यूल के अनुसार बांग्लादेश के ज्यादातर ग्रुप स्टेज मुकाबले भारत में ही रखे गए हैं। इटली, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाने हैं। ये मैच 7, 9 और 14 फरवरी को तय हैं। वहीं नेपाल के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच 17 फरवरी को मुंबई में होना है।
टीम तैयार लेकिन सवाल बरकरार
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बांग्लादेश की टीम का ऐलान पहले ही हो चुका है। लिटन दास कप्तानी करेंगे और टीम में मुस्तफिजुर रहमान भी शामिल हैं। हालांकि अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बांग्लादेश तय कार्यक्रम के अनुसार भारत आएगा या फिर आईसीसी कोई सख्त कदम उठाएगी। आने वाले दिनों में यह विवाद टूर्नामेंट की दिशा तय कर सकता है।