
उत्तर प्रदेश के बरेली में जुमे की नमाज़ के बाद हालात अचानक बिगड़ गए। इस दौरान ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद को लेकर सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन का ऐलान आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने किया था। जिसके चलते लोग हाथों में पोस्टर और बैनर लिए नारेबाजी कर रहे थे।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी
वहीं पुलिस ने भीड़ को रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ते हुए आगे बढ़ने लगे। इस दौरान श्यामगंज इलाके में प्रदर्शनकारियों और एसपी क्राइम के बीच नोकझोंक भी हुई। हालात को काबू में लाने के लिए पुलिस ने श्यामगंज क्षेत्र की दुकानें बंद करा दीं। इसके साथ ही नौमहला मस्जिद के बाहर भी बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
हालात बिगड़े, पुलिस का बल प्रयोग
जब माहौल बेकाबू होने लगा तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया। अचानक हुए बल प्रयोग से भीड़ में भगदड़ मच गई और कुछ ही मिनटों में सैकड़ों लोग भाग खड़े हुए। इस कार्रवाई के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका, लेकिन पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें : 41 साल का इंतज़ार खत्म, अब फाइनल में होगी India-Pakistan की जबरदस्त टक्कर, सोशल मीडिया पर छिड़ा मीम युद्ध
तौकीर रजा का ऐलान और पुलिस की तैयारी
गौरतलब है कि मौलाना तौकीर रजा ने पहले ही इस विवाद को लेकर सड़क पर उतरने और डीएम के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजने की बात कही थी। इसी ऐलान को देखते हुए पुलिस अलर्ट पर थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शहर में हजारों की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
बरेली बना छावनी, सड़कों पर सन्नाटा
बता दें कि शुक्रवार सुबह से ही पुलिस ने इस्लामिया मैदान और बिहारीपुर को छावनी में बदल दिया था। श्यामगंज मंडी रोड पर बैरिकेडिंग की गई और फोर्स को तैनात कर दिया गया। जैसे ही जुमे की नमाज़ खत्म हुई, लोग जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए निकल पड़े। इसके बाद हालात गरमा गए और पुलिस को एक्शन लेना पड़ा।