
भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट मुकाबला सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि दोनों देशों के इमोशन्स भी इसमें जुड़े होते हैं। यही वजह है कि एशिया कप 2025 के फाइनल से पहले ही सोशल मीडिया का माहौल गर्म हो चुका है। फैन्स मीम्स और तंज़ के जरिए एक-दूसरे को चैलेंज कर रहे हैं। इसके साथ ही इस तीसरी भिड़ंत का बेसब्री से इंतजार भी कर रहे हैं।
तीन मुलाकातें, तीसरी बार फाइनल
इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान का अब तक दो बार आमना-सामना हो चुका है। जबकि तीसरी बार फाइनल्स मुकाबले में 28 सितंबर को आमना-सामना होगा। इससे पहले ग्रुप-ए के लीग मैच में, फिर सुपर-4 में आमना- सामना हुआ है। शुरुआती दोनों मैचों में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराकर दबदबा कायम रखा। अब देखना होगा कि खिताबी जंग में भी यही सिलसिला जारी रहता है या पाकिस्तान पलटवार करता है।
41 साल बाद पहली बार फाइनल में भिड़ंत
एशिया कप का इतिहास 1984 से शुरू हुआ। इन 41 सालों में यह पहला मौका है जब भारत और पाकिस्तान फाइनल में आमने-सामने होंगे। भारतीय टीम अब तक 8 बार खिताब जीत चुकी है, जिनमें 7 बार वनडे फॉर्मेट में और एक बार टी20 फॉर्मेट में। वहीं पाकिस्तान सिर्फ 2 बार चैंपियन बन पाया है। इस लिहाज से भारत का रिकॉर्ड कहीं अधिक मजबूत है।
मीम्स की बाढ़, फैन्स आमने-सामने
दूसरी ओर फाइनल से पहले सोशल मीडिया पर मीम्स का बेजोड़ दौर चल रहा है। भारतीय फैन्स पाकिस्तान की हार का मज़ाक बना रहे हैं, तो पाकिस्तानी फैन्स टीम इंडिया की गलतियों पर चुटकी ले रहे हैं। क्रिकेट से ज्यादा चर्चा मीम्स और ऑनलाइन मज़ाक की हो रही है। यह साफ है कि मुकाबला मैदान के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी लड़ा जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Rampur में सियासी हलचल तेज, Azam से मिलने 8 अक्टूबर को पहुंचेंगे Akhilesh, विरोधियों के लिए सीधी चेतावनी
दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज असंभव
भारत और पाकिस्तान अब केवल ICC टूर्नामेंट या मल्टीनेशन इवेंट्स में ही आमने-सामने दिखेंगे। द्विपक्षीय सीरीज फिलहाल दोनों देशों के बीच संभव नहीं लगती। ऐसे में एशिया कप 2025 का फाइनल सिर्फ खिताब जीतने का ही नहीं, बल्कि फैंस की उम्मीदों और इमोशन्स को जीने का भी बड़ा मौका होगा।
महामुकाबले का इंतज़ार
बहरहाल 28 सितंबर को दुबई का मैदान गवाह बनेगा भारत और पाकिस्तान की पहली एशिया कप फाइनल भिड़ंत का। खेल के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी यह मुकाबला चरम पर होगा। हर फैन यही चाहता है कि उसकी टीम सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन जंग भी जीतकर लौटे।