
उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार को आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के ऐलान पर निकाले जा रहे पैदल मार्च को पुलिस ने रोक दिया था। जिसके बाद हालात बिगड़ गए और भीड़ ने पथराव व फायरिंग कर दी। इस घटना के चलते दस पुलिसकर्मी और कई लोग घायल हो गए। यही नहीं भीड़ ने तीन बाइकों और एक दुकान को भी नुकसान पहुंचाया। वहीं इस पूरी घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड में आ गए हैं।
बरेली में हिंसा के बाद ताबड़तोड़ पुलिस कार्रवाई
इस घटना के बाद सीएम योगी ने शुक्रवार देर रात कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और सख्त निर्देश दिए। बरेली में पुलिस ने मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए अब तक 50 लोगों को हिरासत में ले लिया है। मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा है कि किसी भी उपद्रव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों पर इतनी कड़ी कार्रवाई होगी कि वे दोबारा गड़बड़ी करने की हिम्मत ना कर सकें।
"दशहरा बुराई और आतंक के दहन का पर्व है"
इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अपनाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “दशहरा बुराई और आतंक के दहन का पर्व है। उपद्रवियों पर ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए कि वे कभी इस गलती करने की सोच भी ना सकें। इस कार्रवाई के लिए यही सही समय है।”
अन्य जिलों की घटनाओं पर भी जताई नाराज़गी
इसके साथ ही सीएम योगी ने कानपुर, वाराणसी, मुरादाबाद, बदायूं, उन्नाव, आगरा, संभल और महराजगंज जैसे जिलों में हुई आपत्तिजनक जुलूस और नारेबाजी की घटनाओं पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे आयोजनों के मास्टरमाइंड और आयोजकों पर तुरंत एफआईआर हो, उनकी संपत्ति तक की जांच की जाए और एक भी उपद्रवी बचने ना पाए।
रातभर चली हाई लेवल मीटिंग
वहीं शुक्रवार देर रात हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही गरबा-डांडिया जैसे आयोजनों में अराजक तत्वों की घुसपैठ रोकने के लिए पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया है।
इसे भी पढ़ें : Asia Cup के Final से पहले Team India की बढ़ी टेंशन, इन खिलाड़ियों के बाहर होने का खतरा !
महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
साथ ही सीएम योगी ने मिशन शक्ति 5.0 की प्रगति पर संतोष जताया, लेकिन महिला सुरक्षा पर और कड़ाई बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि छेड़खानी, चेन स्नैचिंग और एसिड अटैक जैसे मामलों में थाने और चौकी की सीधी जिम्मेदारी तय होगी। दशहरे के बाद हर जिले के थानेवार हालात की समीक्षा की जाएगी।
अफवाह और जातीय तनाव पर सख्ती
वहीं सिद्धार्थनगर, प्रयागराज और अन्य जिलों में ड्रोन से चोरी की अफवाहों पर सीएम ने कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों की तुरंत गिरफ्तारी हो और सोशल मीडिया पर निगरानी कड़ी की जाए। साथ ही जातीय संघर्ष भड़काने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों पर विशेष निगरानी
इसके अलावा त्योहारों को लेकर सीएम ने कहा कि प्रतिमाओं की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो। नदियों में जलस्तर अधिक होने पर विसर्जन की वैकल्पिक व्यवस्था हो। दुर्गा पूजा समितियों और रावण दहन आयोजकों से संवाद कर सुरक्षा पुख्ता की जाए। गो-तस्करी और बूचड़खानों पर भी सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया।