
बरेली में जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा की जांच लगातार तेज हो रही है. पुलिस अब तक 62 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इसमें मौलाना तौकीर रजा, डॉ. नफीस और नदीम जैसे नाम शामिल हैं, जिन्हें इस हिंसा का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है.
तौकीर रजा की संपत्तियों पर कसा शिकंजा
पुलिस ने मौलाना तौकीर के करीबियों की करीब 150 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है. अब प्रशासन उनकी बेनामी संपत्तियों की जांच कर रहा है और भविष्य में बुलडोजर एक्शन से भी इंकार नहीं किया जा रहा है. माना जा रहा है कि अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने की तैयारी भी चल रही है.
हिंसा की साजिश का हुआ खुलासा
वहीं तौकीर रजा के करीबी नदीम ने पुलिस को बताया कि मौलाना मुसलमानों का रहनुमा बनना चाहते थे और राजनीतिक दलों को ताकत दिखाने के लिए हिंसा की साजिश रची गई. वहीं इस जांच में सामने आया कि हिंसा से एक रात पहले आईएमसी का व्हाट्सएप ग्रुप एक्टिव था और बाहर से लोगों को बुलाकर उपद्रव की योजना बनाई गई थी.
प्रवक्ता डॉ. नफीस पुलिस की गिरफ्त में
आईएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता डॉ. नफीस पुलिस की गिरफ्त में हैं. उन पर इंस्पेक्टर को हाथ काटने की धमकी देने और हिंसा भड़काने के आरोप हैं. नगर निगम ने उनकी तीन दर्जन से ज्यादा दुकानों को सील किया है. वहीं पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज किए हैं.
नदीम की भूमिका पर शक
इस मामले की पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि नदीम ने 55 लोगों को फोन कर लगभग 1600 लोगों को जुटाया था. इन्हीं लोगों ने खलील स्कूल तिराहे और पिर श्यामगंज में माहौल बिगाड़ा. साथ ही, नदीम पर फर्जी हस्ताक्षर करने और पुलिस से लूटे वायरलेस सेट का इस्तेमाल करने का भी आरोप है.
इसे भी पढ़ें : Durga Ashtami पर Delhi-NCR में बरसे बदरा, कई जगह जलभराव से लगा ट्रैफिक जाम, अगले दौ दिन हल्की बारिश की संभावना
सपा प्रतिनिधिमंडल ने की ये मांग
इस बीच, समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल डीआईजी बरेली से मिला.पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार की अगुवाई में पहुंचे नेताओं ने मांग की कि किसी निर्दोष पर कार्रवाई न हो और केवल जांच के बाद ही कदम उठाए जाएं.
पेट्रोल बोतलों में मिलने पर खड़े हुए सवाल
साथ ही हिंसा के बाद बरेली में कुछ लोगों को बोतलों में पेट्रोल ले जाते देखा गया. पेट्रोल पंपों पर पहले से बोतलों में पेट्रोल देने पर रोक है, लेकिन नियमों की अनदेखी की जा रही है. इससे स्थिति और संवेदनशील हो गई है.
इंटरनेट सेवा बहाल
फिलहाल शहर में माहौल सामान्य करने के लिए शनिवार शाम से बंद की गई इंटरनेट सेवा अब बहाल कर दी गई है. पुलिस और प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी गंभीरता से चल रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.