
BDC massacre: मेरठ जिले के चर्चित बीडीसी सदस्य प्रमोद भड़ाना हत्याकांड के मुख्य आरोपी रोबिन की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है। हत्या के आठ दिन बीतने के बावजूद पुलिस आरोपी को पकड़ने में असफल रही है। वहीं, फरार रोबिन पर डीआईजी कलानिधि नैथानी ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है। इससे पहले एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस की पांच टीमें आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक उसका सुराग नहीं लग सका है।
भाजपा नेता प्रमोद भड़ाना की गोली मारकर हत्या, गांव में फैली दहशत
घटना 27 सितंबर की सुबह की है, जब भाजपा नेता और बीडीसी सदस्य प्रमोद भड़ाना अपने खेत से भैंसा बुग्गी पर चारा लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रोबिन और उसके साथियों ने उन पर गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने गांव में घुसकर प्रधान पति और प्रमोद के चाचा के घरों पर भी फायरिंग की, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने गांव में भारी फोर्स तैनात कर दी और पीड़ित परिवार के घरों की सुरक्षा बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। इस केस में आरोपी विनीत पहले ही अदालत में आत्मसमर्पण कर चुका है।
जंगलों में छिपता है आरोपी, पुलिस को नहीं मिल रहा सुराग
जांच में सामने आया है कि रोबिन अक्सर जंगलों में छिपकर रहता है और मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। पुलिस ने जंगलों में ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन भी चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद पुलिस का दावा है कि रोबिन ज्यादा दिन तक फरार नहीं रह सकेगा। डीआईजी नैथानी ने पुलिस टीमों को जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए हैं।