
UP News: गाजियाबाद जिले के लोनी थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दरोगा द्वारा की गई ज्यादती का मामला सामने आया है। बरेली में तैनात दरोगा जयसिंह निगम पर आरोप है कि उसने मदद के बहाने युवती का यौन शोषण किया, फिर खुद को अविवाहित बताकर फर्जी शादी कर ली। जब पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसका जबरन गर्भपात करा दिया और बाद में संपर्क तोड़ दिया। मामला 2019 का बताया जा रहा है, जब साहिबाबाद क्षेत्र में एक विवाद की जांच के दौरान दरोगा ने युवती से नजदीकी बढ़ाई थी। उसने जांच के नाम पर कई बार चौकी बुलाकर उससे संबंध बनाए और झूठे वादों के जरिए उसे धोखे में रखा।
ट्रांसफर के बाद भी जारी रहा शोषण, आर्य समाज में कराई फर्जी शादी
बाद में दरोगा का तबादला लोनी की बंथला चौकी में हो गया। वहां भी उसने पीड़िता को बार-बार बुलाकर संबंध बनाए। दोबारा गर्भवती होने पर युवती ने शादी का दबाव डाला, तो आरोपी ने उसे दवा खिलाकर गर्भपात करवा दिया। जब युवती ने शिकायत की चेतावनी दी, तो दरोगा ने 1 जुलाई 2024 को आर्य समाज मंदिर में फर्जी शादी कर ली। शादी के बाद जब पीड़िता को पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है, तो उसके पैरों तले ज़मीन खिसक गई।
यह भी देखेंःBJP State president: गुजरात में तय हुआ बीजेपी अध्यक्ष, अब यूपी की बारी, एक साल से अटकी प्रक्रिया पर सबकी नजर
पुलिस ने की अनदेखी, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत के बावजूद स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। निराश होकर उसने अदालत का रुख किया, जहां से दरोगा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश हुआ। इसके बाद लोनी थाने में दुष्कर्म, धोखाधड़ी, जबरन गर्भपात और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पीड़िता का आरोप है कि दरोगा अब उसके परिवार को झूठे मामलों में फंसा रहा है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने पुष्टि की है कि मामला न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया है और जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।