
Home Loan: हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना एक घर हो, जहां वह अपने परिवार के साथ सुकून से रह सके. लेकिन बढ़ती महंगाई और घरों की कीमतों को देखते हुए, हर कोई तुरंत घर खरीदने की स्थिति में नहीं होता. ऐसे में होम लोन एक बड़ा सहारा बनता है. आजकल बैंक और फाइनेंशियल कंपनियां आसानी से होम लोन दे रही हैं, जिसमें कुछ जरूरी डॉक्युमेंट्स देने होते हैं और कुछ ही दिनों में लोन पास हो जाता है. लेकिन लोन लेने की जल्दी में लोग कई जरूरी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका खामियाजा बाद में भुगतना पड़ सकता है.
EMI प्लान और ब्याज दरों को समझें
अधिकतर लोग सिर्फ EMI और ब्याज दर देखकर लोन ले लेते हैं, जबकि लोन की शर्तें और उसके विकल्प भी उतने ही जरूरी होते हैं. बैंक आपको EMI कस्टमाइज करने का विकल्प देते हैं, जिसमें आप स्टेप-अप या स्टेप-डाउन EMI चुन सकते हैं. स्टेप-अप EMI में शुरुआत में कम रकम देनी होती है और समय के साथ रकम बढ़ती है, जिससे आपकी शुरुआती कमाई पर कम बोझ पड़ता है. साथ ही, ब्याज दर फिक्स्ड और फ्लोटिंग होती है. बैंक आमतौर पर फ्लोटिंग रेट को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन आपको खुद यह देखना चाहिए कि बाजार की स्थिति के अनुसार कौन-सा विकल्प आपके लिए बेहतर रहेगा.
यह भी देखेंःTrump's tariff policy: ट्रंप की टैरिफ नीति से भारत की मुश्किलें बढ़ीं, 200 करोड़ के ऑर्डर पर ब्रेक
छिपे चार्ज और टैक्स बेनिफिट की जानकारी रखें
होम लोन लेते वक्त सिर्फ EMI नहीं, बल्कि प्रीपेमेंट और फोरक्लोजर चार्ज के बारे में भी जानकारी लेना जरूरी है. कुछ बैंक इन चार्जों को नहीं लेते जबकि कुछ अब भी ये वसूलते हैं, जिससे समय से पहले लोन चुकाने पर आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है. इसके अलावा, होम लोन पर टैक्स छूट का भी लाभ मिलता है. सेक्शन 80C के तहत प्रिंसिपल अमाउंट पर और 24B के तहत ब्याज पर टैक्स छूट मिलती है. अगर आप इन बातों का ध्यान रखेंगे तो होम लोन आपके लिए एक समझदारी भरा और सुविधाजनक सौदा साबित हो सकता है.