Bengal New CM LIVE: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को नेता चुने जाने के बाद अब सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में उनके नाम पर अंतिम मुहर लगी। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी राजभवन के लिए रवाना हो गए, जहां वे राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
बैठक में लगी अंतिम मुहर
कोलकाता में आयोजित बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सभी विधायकों ने समर्थन दिया। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें पश्चिम बंगाल में बीजेपी का सबसे मजबूत चेहरा बताते हुए मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में आगामी सरकार की रूपरेखा और कैबिनेट गठन को लेकर भी चर्चा हुई।
कल होगा शपथ ग्रहण समारोह
शुभेंदु अधिकारी 9 मई को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। रवींद्र जयंती के अवसर पर होने वाला यह समारोह राजनीतिक रूप से भी खास माना जा रहा है।
यह भी देखेंःIndian Weather Report: अगले 4 दिन मौसम मेहरबान, 17 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
दो डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा
नई सरकार में दो डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा तेज है। भाजपा संगठन सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट गठन की तैयारी कर रही है। महिला नेतृत्व और बंगाली चेहरों को प्रमुखता देने पर भी पार्टी का फोकस बताया जा रहा है।
सरकार गठन की तैयारी
राज्यपाल आर.एन. रवि ने 7 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा भंग करने की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई। बीजेपी की जीत के बाद राज्य में पहली बार पार्टी की सरकार बनने जा रही है, जिसे बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।