.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Db683f668-1b9c-4631-9fbf-3351c6c0d839&w=3840&q=75)
Bharat Gaurav Tourist Train: धार्मिक स्थलों की यात्रा का सपना देखने वालों के लिए खुशखबरी है। कर्नाटक सरकार और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने मिलकर एक विशेष पैकेज लॉन्च किया है। इसके तहत “कर्नाटक भारत गौरव काशी दर्शन” नाम से एक थीम-बेस्ड टूरिस्ट ट्रेन 5 अक्टूबर 2025 से शुरू होगी। यह यात्रा 9 दिन और 8 रातों की होगी, जिसमें श्रद्धालु वाराणसी, गया, अयोध्या और प्रयागराज जैसे पवित्र स्थलों का दर्शन कर सकेंगे। ट्रेन 3-एसी क्लास में होगी और यात्रियों के ठहरने के लिए डबल या ट्रिपल शेयरिंग वाले नॉन-एसी होटल रूम उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी यात्रियों के लिए शाकाहारी भोजन, यात्रा बीमा और सुरक्षा की सुविधा भी शामिल रहेगी।
दर्शन का पूरा कार्यक्रम
इस पैकेज के अंतर्गत यात्रियों को वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर, तुलसी मानस मंदिर, संकटमोचन हनुमान मंदिर और गंगा आरती का दर्शन कराया जाएगा। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, गया में विष्णुपद मंदिर और महाबोधि मंदिर, जबकि प्रयागराज में संगम स्नान और हनुमान मंदिर के दर्शन होंगे। गंगा स्नान और गंगा आरती का कार्यक्रम मौसम और पानी के स्तर पर निर्भर करेगा। ट्रेन की शुरुआत बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन से होगी, जबकि यात्री तुमकुरु, बीरूर, दावणगेरे, हावेरी, हुबली और बेलगाम से भी सवार हो सकेंगे।
यह भी देखेंःIMD Alert: अक्टूबर में जमकर बरसेंगे बादल, 50 साल का रिकॉर्ड टूटने का अनुमान
किराया और सुविधाएं
इस पैकेज की कीमत 22,500 रुपये रखी गई है, लेकिन कर्नाटक सरकार ने यात्रियों को राहत देते हुए 7,500 रुपये की सब्सिडी दी है। यानी श्रद्धालु यह धार्मिक यात्रा केवल 15,000 रुपये में कर सकेंगे। हालांकि पैकेज में बोटिंग, एडवेंचर स्पोर्ट्स, रूम सर्विस, गाइड चार्ज और व्यक्तिगत खर्च शामिल नहीं होंगे। IRCTC की ओर से ट्रांसफर और साइटसीइंग की सुविधा नॉन-एसी बसों से कराई जाएगी। यह पैकेज धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ परिवार संग सुरक्षित और किफायती यात्रा का बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।