केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर से ‘भारत टैक्सी’ सेवा की औपचारिक शुरुआत करेंगे। यह देश की पहली सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ विजन के तहत परिवहन क्षेत्र तक पहुंचाने की पहल माना जा रहा है। गुजरात में इसका सॉफ्ट लॉन्च दिसंबर 2025 में किया गया था।
14 शहरों में मिलेगी सुविधा
पहले चरण में यह सेवा अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, द्वारका, सोमनाथ, वलसाड, आनंद, जामनगर, भावनगर, नडियाद, जूनागढ़, मेहसाणा और अमरेली में शुरू होगी। सरकार का लक्ष्य अगले एक महीने के भीतर पूरे गुजरात में भारत टैक्सी की सेवाएं उपलब्ध कराने का है।
ड्राइवरों को मिलेगा सीधा लाभ
भारत टैक्सी बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के तहत पंजीकृत प्लेटफॉर्म है, जिसकी स्थापना 6 जून 2025 को हुई थी। यह जीरो-कमीशन मॉडल पर काम करता है, जिससे कमाई का बड़ा हिस्सा सीधे टैक्सी चालकों तक पहुंचता है। इसके अलावा ड्राइवरों को बीमा, ऋण, पेंशन और विभिन्न सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।
ये भी पढें : 1 लाख कर्मचारियों पर संकट! दिग्गज कार कंपनी का बड़ा प्लान, 4 प्लांट भी हो सकते हैं बंद
यात्रियों के लिए क्या रहेगा खास?
यात्रियों को इस प्लेटफॉर्म पर बाइक, ऑटो और कैब जैसी कई परिवहन सेवाओं का विकल्प मिलेगा। कंपनी का दावा है कि इसमें सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी और गुजरात पुलिस के सहयोग से सुरक्षित व भरोसेमंद यात्रा सुनिश्चित की जाएगी। इससे यात्रियों को पारदर्शी किराया और बेहतर सेवा मिलने की उम्मीद है।
'सारथी ही मालिक' मॉडल पर आधारित
भारत टैक्सी का सबसे बड़ा उद्देश्य टैक्सी चालकों को केवल सेवा प्रदाता नहीं बल्कि प्लेटफॉर्म का सहभागी और मालिक बनाना है। इस सहकारी मॉडल के जरिए उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण और स्वामित्व का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य के अन्य वरिष्ठ नेता और भारत टैक्सी से जुड़े 4,000 से अधिक चालक भी शामिल होंगे।