Bharat Taxi launched in Gujarat: गुजरात के गांधीनगर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सहकारी मॉडल पर आधारित भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इस नई पहल का उद्देश्य टैक्सी चालकों को मालिकाना हक देना और यात्रियों को पारदर्शी व भरोसेमंद परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है। अमित शाह ने कहा कि यह मॉडल ड्राइवरों और ग्राहकों दोनों को शोषण से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सहकारी मॉडल पर चलेगी टैक्सी सेवा
अमित शाह ने कहा कि ‘भारत टैक्सी’ पारंपरिक निजी ऐप आधारित व्यवस्था से अलग सहकारी मॉडल पर काम करेगी। इसमें सेवा देने वाले ड्राइवर केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म के साझेदार और मालिक होंगे। उन्होंने बताया कि इस मॉडल से जुड़े करीब सात लाख पार्टनर इसके शेयरधारक भी हैं, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ के साथ सम्मान और सुरक्षा भी मिलेगी।
कई शहरों में शुरू हुई सेवा
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ‘भारत टैक्सी’ का विभिन्न स्थानों पर सफल परीक्षण किया जा चुका है। अब इसे गुजरात के प्रमुख शहरों में औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। इस सेवा के तहत टू-व्हीलर टैक्सी, ऑटो-रिक्शा और फोर-व्हीलर कैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यात्रियों को एक ही मंच पर कई विकल्प मिल सकेंगे।
निजी टैक्सी कंपनियों पर साधा निशाना
अमित शाह ने मौजूदा ऐप आधारित टैक्सी कंपनियों पर ड्राइवरों से अधिक कमीशन लेने, भुगतान में देरी करने और बिना कारण अकाउंट बंद करने जैसे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ‘भारत टैक्सी’ इन समस्याओं का विकल्प बनेगी और ड्राइवरों को अधिक पारदर्शी और न्यायसंगत व्यवस्था प्रदान करेगी।
कई संस्थाओं के साथ हुए समझौते
इस परियोजना को सफल बनाने के लिए गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, अहमदाबाद नगर निगम, गुजरात स्टेट कोऑपरेटिव बैंक, राज्य ट्रैफिक पुलिस, एयरपोर्ट और रेलवे से जुड़े कई संस्थानों के साथ समझौते किए गए हैं। सरकार का मानना है कि यह पहल ड्राइवरों की आय बढ़ाने, उन्हें सामाजिक सुरक्षा देने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सेवा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी।