Bharatiya Mazdoor Sangh 70th Anniversary:भारतीय मजदूर संघ (BMS) 23 जुलाई को अपनी 70वीं वर्षगांठ दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में भव्य रूप से मनाने जा रहा है. इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य अतिथि होंगे. वे संगठन के भविष्य की दिशा को लेकर मार्गदर्शन देंगे. कार्यक्रम में केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में यह आयोजन ऐतिहासिक बनने जा रहा है.
संगठन को मजबूती देने वाले कार्यकर्ता होंगे सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया. इसमें गीता गोखले, हंसू भाई दवे, सामा बलरेड्डी, वसंत पिम्पलापुरे, अमरनाथ डोगरा, करतार सिंह राठौर, हाजी अख्तर हुसैन और महेश पाठक जैसे नाम शामिल हैं. इसके अलावा, संगठन की 70 वर्षों की यात्रा पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी और 'ऑर्गनाइजर' पत्रिका का विशेष अंक जारी किया जाएगा. एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया जाएगा जिससे कार्यकर्ताओं की जानकारी को संरक्षित और संवाद को मजबूत किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ेंःसरकार ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा को तैयार, संसद में हंगामे के बाद तय हुआ 25 घंटे बहस का समय
नई सोच और जिम्मेदारियों की ओर बढ़ता संगठन
भारतीय मजदूर संघ अब केवल वेतन और भत्तों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर भी सक्रियता से कार्य कर रहा है. पर्यावरण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य जैसे मुद्दों पर देशभर में अभियान चलाए जा रहे हैं. महिला और युवा सम्मेलन के ज़रिए भी संगठन का जुड़ाव नई पीढ़ी से बढ़ा है, जिससे देशभर में नई यूनियनें बनी हैं और संगठन की पहुंच और प्रभाव और भी व्यापक हुआ है.