उत्तर आंध्र प्रदेश के हवाई यात्रियों के लिए 17 अगस्त 2026 से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, विशाखापट्टनम स्थित मौजूदा सिविल एन्क्लेव से 17 अगस्त की रात 12:01 बजे के बाद सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कमर्शियल उड़ानों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी उड़ानें विजयनगरम जिले के भोगपुरम स्थित नए अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालित होंगी।
VTZ कोड भी नए एयरपोर्ट को मिलेगा
सरकार ने स्पष्ट किया है कि विशाखापट्टनम एयरपोर्ट का IATA कोड VTZ अब भोगपुरम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इसी के साथ नए एयरपोर्ट का आधिकारिक नाम अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा। इससे भोगपुरम को उत्तर आंध्र प्रदेश का नया एविएशन हब बनाने की तैयारी पूरी हो गई है।
पुराने एयरपोर्ट का क्या होगा?
सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, मौजूदा विशाखापट्टनम सिविल एन्क्लेव में अगले 30 वर्षों तक कमर्शियल फ्लाइट संचालन बंद रहेगा। हालांकि भारतीय वायु सेना, सशस्त्र बलों, पुलिस, वीआईपी सरकारी विमानों और राष्ट्रीय आपातकाल की स्थिति में इस रनवे का उपयोग जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें : नौकरी बदलने वालों को बड़ी राहत, नए EPFO ई-पोर्टल से पुराने PF खाते का पैसा ट्रैक और ऑनलाइन ट्रांसफर आसान
31 महीने में तैयार हुआ ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
करीब ₹4,727 करोड़ की लागत से बने इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का उद्घाटन 1 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह एयरपोर्ट निर्धारित समय से करीब पांच महीने पहले, केवल 31 महीनों में बनकर तैयार हुआ है। इसे डीजीसीए से एरोड्रम लाइसेंस के साथ सभी आवश्यक सुरक्षा, पर्यावरण और अग्निशमन मंजूरी भी मिल चुकी है।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा नया एयरपोर्ट
पहले चरण में यह एयरपोर्ट हर साल 60 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा, जबकि भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों तक करने की योजना है। 2,703 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट में एयरपोर्ट टर्मिनल, रनवे, एविएशन हब और एविएशन यूनिवर्सिटी विकसित की गई है। यहां बोइंग 777, बोइंग 787 ड्रीमलाइनर, एयरबस A330 और A340 जैसे बड़े विमानों का संचालन संभव होगा। यात्रियों को सेल्फ बैगेज ड्रॉप, कॉमन यूज पैसेंजर प्रोसेसिंग सिस्टम (CUPPS), स्मार्ट सर्विलांस और आधुनिक बोर्डिंग ब्रिज जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
उत्तर आंध्र प्रदेश को मिलेगा आर्थिक फायदा
भोगपुरम एयरपोर्ट को क्षेत्र के विकास का बड़ा इंजन माना जा रहा है। एयरपोर्ट परिसर में 25,000 मीट्रिक टन क्षमता वाला आधुनिक कार्गो टर्मिनल भी बनाया गया है, जहां फार्मास्यूटिकल्स, सीफूड और अन्य हाई-वैल्यू उत्पादों के निर्यात के लिए कोल्ड चेन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विशाखापट्टनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम जिलों में पर्यटन, लॉजिस्टिक्स, एयरोस्पेस और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।