नौकरी बदलने के बाद पुराने पीएफ खाते में जमा रकम भूल चुके कर्मचारियों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने नया डिजिटल ई-पोर्टल लॉन्च किया है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने संसद में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अब सदस्य पुराने, निष्क्रिय या बिना क्लेम वाले पीएफ खातों को ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे और उनका पैसा अपने मौजूदा सक्रिय यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) में ट्रांसफर कर पाएंगे।
अब घर बैठे होंगे कई जरूरी काम
नए पोर्टल का उद्देश्य कागजी प्रक्रिया और ईपीएफओ कार्यालय के चक्कर खत्म करना है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए सदस्य पुराने पीएफ खातों की पहचान कर सकेंगे, बैलेंस देख सकेंगे और उसे अपने नए यूएएन में ऑनलाइन ट्रांसफर या सेटलमेंट के लिए आवेदन कर सकेंगे। साथ ही KYC अपडेट करने के लिए जॉइंट डिक्लेरेशन भी ऑनलाइन जमा किया जा सकेगा।
डिजिटल वेरिफिकेशन से होगी तेज प्रक्रिया
सरकार के मुताबिक नए पोर्टल में डिजिटल पहचान प्रमाणीकरण की सुविधा दी गई है। इससे खातों का सत्यापन पहले की तुलना में तेजी से होगा, मैन्युअल हस्तक्षेप कम होगा और धोखाधड़ी की आशंका भी घटेगी। इससे पीएफ ट्रांसफर और क्लेम की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आसान बनने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : 8वें वेतन आयोग पर संसद में बड़ा अपडेट, 3 मई 2027 तक आएगी अंतिम रिपोर्ट, कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा एरियर
पुराना PF नंबर भूल गए तो क्या होगा?
संसद में दी गई जानकारी के अनुसार यह सुविधा उन सदस्यों के लिए है जिनके पास पुराने पीएफ खाते की कुछ जानकारी या पहचान उपलब्ध है। हालांकि जिन कर्मचारियों के पास पुराने पीएफ खाते का कोई नंबर या विवरण नहीं है और वे पूरी तरह उसे भूल चुके हैं, उनके लिए फिलहाल सरकार ने किसी नई व्यवस्था का प्रस्ताव नहीं रखा है।
क्यों पड़ी इस पोर्टल की जरूरत?
भारत में 8 करोड़ से अधिक ईपीएफ सदस्य हैं। वर्ष 2014 में यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) लागू होने से पहले नौकरी बदलने पर कर्मचारियों को नया पीएफ खाता नंबर मिलता था। इसके कारण लाखों कर्मचारियों के पुराने खातों में पैसा बिना क्लेम के पड़ा रह गया। नया पोर्टल ऐसे खातों को खोजने और रकम को सक्रिय खाते में लाने में मदद करेगा।
ब्याज जमा करने की प्रक्रिया भी शुरू
ईपीएफओ ने वित्तीय वर्ष के लिए घोषित 8.25% वार्षिक ब्याज सदस्यों के खातों में जमा करना भी शुरू कर दिया है। ब्याज की राशि खाते में जमा होने के बाद सदस्यों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजा जा रहा है। इससे कर्मचारियों को अपनी रिटायरमेंट बचत पर बेहतर निगरानी रखने और पुराने खातों का पैसा आसानी से जोड़ने में सुविधा मिलेगी।