
Bhojpuri star Pawan Singh: भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी नेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह अब राजनीति में कदम रखने जा रही हैं। उनके पिता रामबाबू सिंह ने रविवार को बलिया में प्रेस वार्ता कर इस बात की पुष्टि की कि ज्योति बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल यह तय नहीं हुआ है कि वे किस पार्टी के टिकट पर या निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि जनता की मजबूत मांग है कि ज्योति सिंह को रोहतास जिले की काराकाट सीट से मैदान में उतरना चाहिए, जहां उनके प्रति लोगों का विशेष लगाव देखा जा रहा है।
पवन सिंह से विवाद के बीच चुनावी कदम
रामबाबू सिंह का यह ऐलान ऐसे समय में आया है जब उनकी बेटी ज्योति और पवन सिंह के बीच वैवाहिक विवाद चरम पर है। रामबाबू ने अभिनेता पवन सिंह पर क्रूरता और बेईमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने सुलह के सभी प्रयासों को ठुकरा दिया। पिता ने बताया कि उन्होंने पवन सिंह से बार-बार ज्योति को स्वीकार करने की अपील की, लेकिन उन्होंने अदालत का हवाला दिया। रामबाबू ने कहा कि जब तक तलाक कानूनी रूप से पूरा नहीं होता, ज्योति को अपने पति के साथ रहने का अधिकार है।
प्रशांत किशोर से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चा
हाल ही में ज्योति सिंह ने जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर से मुलाकात की थी, जिससे उनके राजनीतिक इरादों को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, ज्योति ने स्पष्ट किया था कि उनकी मुलाकात न्याय की मांग को लेकर थी, न कि चुनावी टिकट के लिए। उन्होंने कहा था कि वह उन सभी महिलाओं के लिए आवाज उठाना चाहती हैं जिन्हें अन्याय का सामना करना पड़ता है। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में—6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।