Big announcements: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा और पंजाब सरकार ने महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़ी कई योजनाओं की राशि जारी की, जबकि पंजाब सरकार ने अपने बजट में महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इन फैसलों को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कई योजनाओं की राशि जारी
हरियाणा सरकार ने ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की पांचवीं किस्त के तहत करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत भी बड़ी रकम ट्रांसफर की गई। सरकार ने ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना के तहत भी महिलाओं को आर्थिक सहायता दी।
स्टार्टअप को समर्थन
राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए ‘महिला उद्यमिता मंच’ की शुरुआत भी की। इस मंच का उद्देश्य महिला उद्यमियों को व्यवसाय शुरू करने और आगे बढ़ाने में मदद देना है। कार्यक्रम के दौरान कई महिला उद्यमियों को सहायता राशि के चेक भी दिए गए और स्टार्टअप्स के लिए सीड फंड उपलब्ध कराया गया।
यह भी देखेंःDarknet Drug syndicate Busted: डार्कनेट ड्रग सिंडिकेट का खुलासा, एनसीबी ने ‘टीम कल्कि’ नेटवर्क को तोड़ा
महिलाओं को मासिक सहायता
पंजाब सरकार ने अपने बजट में ‘मुख्यमंत्री मावा-धीयां सत्कार योजना’ की घोषणा की है। इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने का प्रस्ताव रखा गया है।
प्रदर्शन भी देखने को मिला
हालांकि इस घोषणा के बीच चंडीगढ़ में कुछ महिला संगठनों और विपक्षी दलों की ओर से विरोध प्रदर्शन भी हुआ। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि महिलाओं को पहले किए गए वादों का लाभ समय पर नहीं मिला। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।