.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D4f0ff8ea-7164-4f7f-98bb-c8618b86ad4b&w=3840&q=75)
Big change in Banke Bihari temple: बांके बिहारी मंदिर में बड़ा बदलाव, अब नहीं मिलेगा वीआईपी दर्शन वृंदावन के प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में अब श्रद्धालुओं को वीआईपी पास से दर्शन की सुविधा नहीं मिलेगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में यह बड़ा निर्णय लिया गया। समिति ने तय किया कि अब हर श्रद्धालु को लाइन में लगकर बारी-बारी से दर्शन करना होगा। जिला सूचना अधिकारी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वीआईपी कटघरा भी हटा दिया जाएगा। इस कदम से मंदिर प्रशासन पर लगने वाले भेदभाव के आरोप खत्म होंगे और भीड़ के बीच होने वाली धक्का-मुक्की पर भी रोक लगेगी।
प्रवेश-निकास और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार
समिति ने मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार तय करने का निर्णय लिया है, जिसकी जिम्मेदारी एसएसपी को सौंपी गई है। साथ ही सुरक्षा की कमान पुलिस या निजी गार्ड के बजाय पूर्व सैनिकों या प्रोफेशनल सुरक्षा एजेंसियों को दी जाएगी। दर्शन की सुविधा को और आसान बनाने के लिए मंदिर अब पहले से अधिक समय तक खुला रहेगा। गर्मियों में यह तीन घंटे और सर्दियों में पौने तीन घंटे ज्यादा खुलेगा। इसके अलावा, जल्द ही लाइव प्रसारण की व्यवस्था भी शुरू होगी, जिससे श्रद्धालु देश-विदेश से ठाकुर जी के दर्शन कर सकेंगे।
संरचनात्मक ऑडिट और बंद कमरे का खुलना
बैठक में यह भी तय हुआ कि मंदिर भवन का संरचनात्मक ऑडिट आईआईटी रुड़की से कराया जाएगा। साथ ही मंदिर की चल-अचल संपत्तियों की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी। वर्ष 2013 से 2016 के बीच हुई अनियमितताओं की जांच के लिए विशेष ऑडिट होगा और 15 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। समिति ने गर्भगृह के उस कमरे को खोलने का भी निर्णय लिया है, जो वर्षों से बंद पड़ा है। इसे खोलते समय वीडियोग्राफी कराई जाएगी ताकि यह दर्ज हो सके कि वहां क्या-क्या मौजूद है।