.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D47a0fbf8-7167-40dc-896a-5f1e8caefdba&w=3840&q=75)
SDM Jayendra Singh suspended: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के जानसठ तहसील में तैनात एसडीएम जयेंद्र सिंह इन दिनों बड़े जमीन घोटाले को लेकर सुर्खियों में हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने तीन करोड़ रुपये की रिश्वत लेकर 750 बीघा सरकारी जमीन भूमाफिया के नाम दर्ज कर दी। मामला सामने आने पर शासन ने जिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जमीन घोटाले में नाम आया सामने
गांव इसहाकवाला की करीब 743 हेक्टेयर जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। हाई कोर्ट पहले ही साफ कर चुका था कि हरबंस नामक व्यक्ति का इस जमीन से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद एसडीएम जयेंद्र सिंह ने जुलाई 2025 में आदेश जारी कर 600 बीघा सोसाइटी और 150 बीघा सरकारी जमीन हरबंस के वारिसों के नाम दर्ज कर दी। शिकायत मिलते ही जांच शुरू हुई और दबाव बढ़ने पर उन्होंने अपना आदेश वापस भी ले लिया, लेकिन जांच में पुष्टि हुई कि जमीन सरकारी थी और गलत तरीके से ट्रांसफर की गई।
सस्पेंशन के बाद मचा हड़कंप
डीएम उमेश मिश्रा की जांच रिपोर्ट शासन को भेजी गई, जिसके बाद जयेंद्र सिंह को दोषी मानते हुए सस्पेंड कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह जमीन हाईवे से सटी होने के कारण बेहद कीमती थी और इसी को निजी नामों में दर्ज कराने का खेल हुआ। अब पूरे प्रकरण की गहराई से जांच होगी और अन्य जुड़े अधिकारियों व लाभार्थियों पर भी कार्रवाई तय मानी जा रही है।