Big revelation on Red Fort blast: दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए भीषण ब्लास्ट में 15 लोगों की मौत के बाद अब पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी अनवारुल हक का चौंकाने वाला बयान सामने आया है। वायरल वीडियो में हक खुले तौर पर स्वीकार करते दिख रहे हैं कि पाकिस्तान की जमीन पर मौजूद आतंकी संगठनों ने दिल्ली से लेकर कश्मीर तक भारत के खिलाफ हमले किए। हक ने दावा किया कि उन्होंने अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल भारत पर “सबक सिखाने” के लिए किया। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर बलूचिस्तान में खून बहता रहा, तो पाकिस्तान लाल किला और कश्मीर तक घुसकर वार करेगा।
लाल किला ब्लास्ट को बताया ‘सफल हमला’
वायरल वीडियो में अनवारुल हक न केवल लाल किले के पास हुए आत्मघाती हमले का जिक्र करते हैं, बल्कि इसे “अल्लाह की मेहर” बताते हुए आतंकियों को शाहीन कहकर सम्मान भी देते हैं। उन्होंने कहा कि हमले में शामिल आतंकियों ने हथियारों के साथ भारत में घुसकर हमला किया और भारतीय एजेंसियां अभी तक शवों की गिनती कर रही हैं। NIA की जांच में इसे जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संगठन द्वारा किया गया सुसाइड अटैक बताया गया है, जिसका संचालन फरीदाबाद से हो रहा था। इस हमले को डॉक्टर उमर नबी ने अंजाम दिया था, जिससे पाकिस्तान की आतंक पर आश्रय देने की नीति फिर उजागर हुई है।
यह भी देखेंःअनमोल बिश्नोई का बड़ा पर्दाफाश: फर्जी पासपोर्ट से अमेरिका भागा, ‘भानु प्रताप’ नाम का किया इस्तेमाल
पहले भी आ चुकी हैं पाक की पोल खोलने वाली बातें
यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान या PoK के किसी नेता ने ऐसे हमलों में पाकिस्तानी तत्वों की भूमिका स्वीकार की हो। हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने दावा किया था कि पाकिस्तान सरकार राजनीतिक फायदे के लिए नकली आतंकी हमले करवाती है। उन्होंने कहा कि सरकार सीमा क्षेत्रों में शांति प्रयासों में बाधा डालती है और अपने लाभ के लिए आतंकवाद को बढ़ावा देती है। ऐसे बयानों ने एक बार फिर पाकिस्तान के दोहरे रवैये को सामने ला दिया है, जो एक ओर दुनिया के सामने शांति का दावा करता है, तो दूसरी ओर आतंकी गतिविधियों को शह देता है।