
बिहार की राजनीति इस वक्त एक विवादित बयान को लेकर उबाल पर है। दरअसल, केरल कांग्रेस ने जीएसटी सुधार पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में बिहार की तुलना बीड़ी से कर दी। पोस्ट में लिखा गया कि “बीड़ी और बिहार दोनों B से शुरू होते हैं, इसलिए अब इसे पाप नहीं माना जा सकता।” इस टिप्पणी के सामने आते ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई और कांग्रेस पर पूरे बिहार का अपमान करने का आरोप लगाया जाने लगा।
सम्राट चौधरी का हमला
बिहार के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने कांग्रेस को तीखे शब्दों में घेरा। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूजनीय माता जी का अपमान किया और अब पूरे बिहार का। यही कांग्रेस का असली चरित्र है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिहार की जनता चुनाव में वोट की चोट से इसका बदला लेगी।
जदयू का पलटवार
वहीं, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने भी कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने एक्स पर लिखा— “B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो कांग्रेस के पास नहीं है। B से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता मिलती है तो कांग्रेस को मिर्ची लगती है।” झा ने कहा कि कांग्रेस ने बिहार का मजाक उड़ाकर न सिर्फ बिहारवासियों, बल्कि देश के लोकतंत्र और गौरवशाली इतिहास का अपमान किया है।
ये भी पढ़ें : Bhutan के PM Ayodhya पहुंचे, Ram Mandir और Hanumangarhi में की पूजा-अर्चना, सुरक्षा के रहे कड़े इंतज़ाम
जीएसटी सुधार से जुड़ा विवाद
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में बड़ा सुधार किया है। नई व्यवस्था के तहत बीड़ी पर 18% टैक्स लगाया गया है, जबकि सिगार और सिगरेट जैसे अन्य तंबाकू उत्पादों पर 40% जीएसटी लगाया गया है। इसी को लेकर कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिससे विवाद खड़ा हुआ।
बिहार की जनता में नाराज़गी
इस पोस्ट से बिहार के राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम जनता में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। नेताओं का कहना है कि बिहार का मजाक उड़ाना कांग्रेस को भारी पड़ेगा और जनता आगामी चुनावों में कांग्रेस को सबक सिखाएगी।
जीएसटी सुधार से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट ने बिहार की राजनीति में नया बवाल खड़ा कर दिया है। जदयू और बीजेपी जहां कांग्रेस को घेरने में जुट गई हैं, वहीं कांग्रेस पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि वह इस टिप्पणी के लिए माफी मांगे।