बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटर और मैट्रिक 2026 परीक्षा का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इंटर की परीक्षा 2 फरवरी 2026 से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगी। विज्ञान, कॉमर्स और आर्ट्स—तीनों स्ट्रीम की परीक्षाएं तय शेड्यूल में 12 दिनों में खत्म होंगी। इंटर के तुरंत बाद मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होगी और 25 फरवरी 2026 तक चलेगी। यानी फरवरी का पूरा महीना बिहार के लाखों छात्रों के लिए परीक्षा सीजन से भरा रहेगा।
एआई चैटबॉट का बड़ा प्रयोग
इस बार बिहार बोर्ड ने परीक्षा प्रणाली में एक ऐतिहासिक बदलाव किया है। पहली बार छात्र परीक्षा से जुड़ी हर जानकारी एआई चैटबॉट की मदद से प्राप्त कर सकेंगे। यह चैटबॉट परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड, सेंटर, रिजल्ट और अन्य अपडेट रियल टाइम में देगा। बोर्ड का दावा है कि इससे छात्रों और अभिभावकों को भ्रम और गलत जानकारी की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। बिहार बोर्ड के अनुसार, 2026 की परीक्षा पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कंपार्टमेंटल परीक्षा और रिजल्ट की टाइमलाइन
बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने परीक्षा कैलेंडर जारी करते हुए बताया कि जो छात्र मुख्य परीक्षा नहीं दे पाएंगे या जिनके नंबर संतोषजनक नहीं आएंगे, उनके लिए कंपार्टमेंटल और विशेष परीक्षाएं अप्रैल से मई के बीच आयोजित होंगी। वहीं साल 2026 के इंटर और मैट्रिक रिजल्ट मई और जून के बीच जारी कर दिए जाएंगे। बोर्ड का प्रयास है कि छात्रों को एडमिशन और अगले एकेडमिक कैलेंडर में किसी भी तरह की देरी न झेलनी पड़े।
इसे भी पढ़ें : ऑक्शन से ठीक 24 घंटे पहले Bangladesh क्रिकेट में मचा हड़कंप, बड़े नामों पर गंभीर आरोप… जानें कौन हैं वो खिलाड़ी जिन्हें किया बाहर ?
रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन और अंतिम तारीख
बिहार बोर्ड के अनुसार, अब तक मैट्रिक के लिए 15,02,021 और इंटर के लिए 13,07,241 छात्र अपना फॉर्म भर चुके हैं। रजिस्ट्रेशन का ये आंकड़ा हर साल की तरह इस बार भी रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है। जो छात्र अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे 3 दिसंबर 2025 तक फॉर्म भर सकते हैं। बोर्ड ने सभी स्कूलों को समय पर छात्र सूची अपडेट करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी छात्र का नाम परीक्षा से बाहर न रह जाए।