
बिहार में छठ और दिवाली जैसे बड़े त्योहार पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाए जाते हैं. इन मौकों पर लाखों लोग जो पढ़ाई, नौकरी या कारोबार के सिलसिले में बिहार से बाहर रहते हैं अपने घर लौटते हैं. यही वजह है कि इस सीजन में ट्रेन, बस और फ्लाइट की डिमांड अचानक बहुत बढ़ जाती है. भीड़ को संभालने और यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए रेलवे, राज्य सरकार और एयरलाइंस हर साल विशेष इंतज़ाम करती हैं. इस साल भी यात्रियों के लिए बड़ी घोषणाएं की गई हैं.
रेलवे ने की बड़ी घोषणा
रेल मंत्रालय ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए इस बार 12,000 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. इनमें नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल होंगी. ये ट्रेनें दिल्ली–गया, सहरसा–अमृतसर, छपरा–दिल्ली और मुज़फ़्फ़रपुर–हैदराबाद जैसे लोकप्रिय रूटों पर चलेंगी. इसके साथ ही पूर्णिया–पटना के बीच वंदे भारत ट्रेन भी जल्द शुरू होने वाली है. वहीं, अहमदाबाद से पटना के लिए भी विशेष ट्रेनें चलेंगी. रेलवे का कहना है कि यह सभी ट्रेनें भीड़ को देखते हुए चरणबद्ध तरीके से चलाई जाएंगी और बुकिंग ऑनलाइन व काउंटर दोनों माध्यमों से उपलब्ध होगी.
फ्लाइट टिकटों के दाम में लगी आग
ट्रेन के अलावा फ्लाइट की डिमांड भी त्योहारों पर काफी बढ़ जाती है. लेकिन हर बार की तरह इस बार भी हवाई किराए में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है. दिल्ली से दरभंगा जाने वाली फ्लाइट की टिकट 20 अक्टूबर के बाद 9,000 रुपए से 10,000 रुपए तक पहुंच चुकी है. वहीं, मुंबई, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे शहरों से बिहार आने वाली फ्लाइट की कीमत 10,000 रुपए से 17,000 रुपए के बीच है. दरभंगा एयरपोर्ट पर इस समय तीन एयरलाइंस SpiceJet, IndiGo और Aakash Airlines अपनी सर्विस दे रही हैं. इसके बावजूद किराए में कोई राहत नहीं है. पटना एयरपोर्ट के टिकटों में भी भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और आशंका है कि त्योहार नजदीक आते-आते दाम और बढ़ सकते हैं.
ये भी पढ़ें : Swara का नया क्रश! इंटरनेट बोला – "Dimple भाभी को बचाओ"
बिहार सरकार की बस सर्विस
जो लोग ट्रेन या फ्लाइट से यात्रा नहीं कर पाएंगे, उनके लिए बिहार राज्य परिवहन निगम (BSRTC) ने भी खास इंतज़ाम किए हैं. निगम ने ऐलान किया है कि पूरे त्योहार सीजन में 299 इंटर-स्टेट बसें चलाई जाएंगी. इनमें AC और Non-AC डीलक्स बसें शामिल होंगी. इसके अलावा BSPTC ने भी 1 सितंबर से 30 नवंबर तक AC और डीलक्स बस सेवाएं शुरू कर दी हैं. ये बसें पटना, गया, दरभंगा, मुज़फ़्फ़रपुर, पूर्णिया और भागलपुर से दिल्ली, गुरुग्राम, लखनऊ और कोलकाता जैसे बड़े शहरों तक जाएंगी. बसों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए यात्री bsrtc.bihar.gov.in पर जा सकते हैं. साथ ही जानकारी और शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-345-7251 भी जारी किया गया है.
यात्रियों को सलाह
त्योहारों के दौरान हर साल भारी भीड़ के कारण टिकटें जल्दी खत्म हो जाती हैं. ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वो जल्द से जल्द अपनी टिकट बुक कर लें. खासकर ट्रेन और फ्लाइट की बुकिंग करने में देर करने पर टिकट महंगी या अनुपलब्ध हो सकती है. वहीं बसों की ऑनलाइन सुविधा के चलते यात्री घर बैठे टिकट ले सकते हैं और भीड़ से बच सकते हैं. बता दें कि दिवाली (21 अक्टूबर) और छठ (23 अक्टूबर से) पर बिहार जाने की तैयारी करने वालों के लिए इस बार भीड़ तो होगी, लेकिन रेलवे, राज्य सरकार और एयरलाइंस ने इंतज़ाम किए हैं. स्पेशल ट्रेनें, बसें और फ्लाइट्स तो मिलेंगी, मगर टिकट के दाम ऊंचे रहेंगे. इसलिए यात्रियों को सलाह यही है कि समय रहते बुकिंग कर लें, ताकि त्योहार की खुशियां घर वालों के साथ मिलकर मनाई जा सकें.