
बॉलीवुड की ‘बेबाक क्वीन’ स्वरा भास्कर अक्सर अपने बयानों से सुर्खियों में छाई रहती हैं. इस बार भी उन्होंने ऐसा ही कुछ कह दिया है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया. स्वरा ने समाजवादी पार्टी की सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को अपना क्रश बता दिया. जैसे ही यह बयान सामने आया, सोशल मीडिया पर मानो मीम्स की बाढ़ आ गई.
"डिंपल भाभी को बचाओ"
नेटिज़न्स ने इस बयान को मजाकिया अंदाज़ में लपक लिया. कोई मज़ाक उड़ाते हुए लिख रहा है, “अखिलेश भैया जल्दी जाइए, डिंपल भाभी को बचाइए.” तो कोई चुटकी लेते हुए बोला, “स्वरा जी, ये राजनीति है, बॉलीवुड की फिल्म नहीं.” वहीं कुछ लोग स्वरा के सपोर्ट में भी नज़र आए और बोले कि बेबाक राय रखना ही उनकी पहचान है. लेकिन सच यह है कि इंटरनेट का बड़ा हिस्सा इस बयान को मजाक के तड़के के साथ वायरल कर रहा है.
ये भी पढ़ें : Vinod Kambli की सेहत नाजुक, भाई ने कहा- सभी लोग प्रार्थना करें
बायसेक्सुअलिटी पर बोलीं स्वरा
दिलचस्प बात यह है कि स्वरा ने डिंपल यादव को अपना क्रश बताने के साथ-साथ बायसेक्सुअलिटी जैसे गंभीर मुद्दे पर भी खुलकर बात की. उनका कहना है कि समाज को इस विषय पर बिना झिझक चर्चा करनी चाहिए और इसे सामान्य नज़रिये से देखना चाहिए. लेकिन पब्लिक का फोकस सिर्फ एक लाइन पर टिक गया,“डिंपल भाभी मेरी क्रश हैं.” स्वरा का यह बयान इसलिए भी चर्चा में आ गया क्योंकि डिंपल यादव एक सादगीभरी और लोकप्रिय नेता हैं. उनकी छवि साफ-सुथरी और शालीन मानी जाती है. ऐसे में स्वरा का उन्हें क्रश बताना कई लोगों को अटपटा भी लगा. कुछ यूजर्स ने तो यहां तक लिख दिया कि, “अब डिंपल भाभी नेशनल क्रश ऑफिशयली घोषित हो गई हैं.”
स्वरा भास्कर के करियर पर एक नजर
अगर करियर पर नज़र डालें तो स्वरा भास्कर ने 2011 की फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ में पायल का किरदार निभाकर पहचान बनाई थी. इसके बाद उन्होंने ‘रांझणा’, ‘नील बटे सन्नाटा’ और ‘वीरे दी वेडिंग’ जैसी फिल्मों में भी काम किया. हालांकि, पिछले कुछ सालों से उनकी फिल्मों से ज्यादा उनके बयानों ने सुर्खियां बटोरी हैं. स्वरा सोशल और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती हैं और अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रोल्स के निशाने पर भी आ जाती हैं. इस बार भी उनका बयान जमकर वायरल हो गया है. जनता का कहना है कि क्रश रखना किसी का निजी हक है, लेकिन “डिंपल भाभी तो सबकी भाभी हैं.” कुल मिलाकर, स्वरा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि चाहे फिल्में हों या बयान सुर्खियों में रहना उन्हें बखूबी आता है.